GAYA: गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के चिलोर पंचायत में बीते रात गांव के ही युवक ने बुजुर्ग की हत्या की और फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान सलेमपुर गांव के 58 वर्षीय मुसाफिर पासवान के रुप मे हुई है। इस मामले में मृतक के परिजन ने गांव के ही दो लोगों को हत्या का आरोपी बताया है। जिसेक बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मुख्य आरोपी गिरेन्द्र मांझी और मुनारिक भुईंया को हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है जिससे मामले का खुलासा हो पाएगा।
जानकारी के अनुसार मृतक अपना बकाया 500 रुपया मांगने के लिए गिरेन्द्र मांझी के पास गया था। इस बीच रुपए को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। तभी गिरेन्द्र मांझी ने मुसाफिर पासवान को जोरदार धक्का दिया, इससे मुसाफिर पासवान जमीन पर गिरकर बेहोश हो ग़या। उसकी यह हालत देखकर दोनों लोग भाग गए। स्थानीय लोगों ने मुसाफिर पासवान को निजी क्लीनिक में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गयी।