बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बिहार डायरी एवं कैलेण्डर 2024 जारी, नीतीश सरकार के विकास कार्यों की झलक, कई योजनाओं को होता दिखाया साकार

बिहार डायरी एवं कैलेण्डर 2024 जारी, नीतीश सरकार के विकास कार्यों की झलक, कई योजनाओं को होता दिखाया साकार

पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार सरकार के सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित बिहार डायरी 2024 एवं कैलेण्डर 2024 का लोकार्पण कर राज्य की जनता को समर्पित किया। बिहार कैलेंडर-2024 'बिहार ने दिखाई राह' थीम पर केंद्रित है। इसमें उन योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है जिनमें बिहार अग्रणी राज्य रहा है तथा जिनकी सफलता को देखते हुए कई अन्य स्थानों पर इनका अनुसरण किया जा रहा है।

जनवरी माह के पृष्ठ पर महिला सशक्तीकरण थीम को दर्शाया गया. फरवरी माह के पृष्ठ पर बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना 'जीविका' को दर्शाया गया है। यह परियोजना बिहार में महिलाओं के विकास, सशक्तीकरण एवं ग्रामीण गरीबी के उन्मूलन के लिए कार्य कर रही है। मार्च माह के पृष्ठ पर कृषि रोड मैप को दर्शाया गया है जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन का परिणाम है. अप्रैल माह के पृष्ठ पर मुख्यमंत्री साइकिल योजना और मुख्यमंत्री पोशाक योजना को दर्शाया गया है। बिहार में महिलाओं की साक्षरता दर को बढ़ाने के लिए तथा उनमें आत्मविश्वास पैदा करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2008 में बालिका साइकिल योजना की शुरूआत की। 

मई माह के पृष्ठ पर लोक सेवा का अधिकार अधिनियम एवं बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम योजना को दर्शाया गया है। बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम, 2011 का उद्देश्य नागरिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर राज्य सरकार और उसकी एजेंसियों से सेवाओं की प्राप्ति करने में सक्षम बनाना है। जून माह के पृष्ठ पर समाज सुधार अभियान को दर्शाया गया है। समाज में प्रचलित एवं पारंपरिक रूप से चली आ रही दहेज प्रथा एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियों को दूर करने एवं नशा मुक्ति के लिए सरकार ने समाज-सुधार अभियान चलाया। जुलाई माह के पृष्ठ पर हर घर तक नल का जल एवं हर घर तक पक्की गली-नाली योजना को दर्शाया गया है। अगस्त माह के पृष्ठ पर स्टूडेंट क्रडिट कार्ड योजना को दर्शाया गया है। सितंबर माह के पृष्ठ पर स्मार्ट प्री-पेड मीटर योजना के बारे में बताया गया है। ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार दिन-प्रतिदिन प्रगति की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। बिहार देश का पहला राज्य है, जहाँ बिजली उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है. 

अक्टूबर माह के पृष्ठ पर जल-जीवन-हरियाली अभियान को दर्शाया गया है। बिहार को सुंदर, हरित और स्वच्छ बनाने, जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों से कारगर ढंग से निपटने तथा पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए बापू की 150वीं जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर, 2019 से राज्य में जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरूआत की गई। नवंबर माह के पृष्ठ पर गंगा जल आपूर्ति योजना को दर्शाया गया है।  दिसंबर माह के पृष्ठ पर गयाजी डैम के बारे में बताया गया है. 

इस कैलेंडर में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना को दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना राज्य की बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है जो वर्ष 2018 में शुरू की गयी थी। बिहार डायरी एवं कैलेण्डर के लोकार्पण के अवसर पर जल संसाधन सह सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री  संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव सह सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के निदेशक अमित कुमार उपस्थित थे।


Suggested News