पटना: बिहार में सत्र 2019-20 में अध्ययनरत नवम् व दशम् वर्ग के छात्र व छात्राओं की द्वितीय सावधिक (सेकेंड टर्मिनल) परीक्षा आगामी 24 सितंबर से 01 अक्टूबर के बीच आयोजित की जायेगी। यह परीक्षा कार्यक्रम निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, बिहार द्वारा जारी शैक्षिक कैलेंडर के आलोक में बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के मूल्यांकन परिषद ने जारी किया है।
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता अभिषेक कुमार ने बताया कि राज्यभर के तकरीबन 25 लाख छात्र व छात्राएं इस परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षाएं आयोजित होंगी। प्रथम पाली में दशम् वर्ग जबकि द्वितीय पाली में नवम् वर्ग की परीक्षा आयोजित की जायेगी। उन्होंने बताया कि दोनों पालियों में परीक्षा तीन-तीन घंटे की होंगी। इसके अतिरिक्त 15-15 मिनट का समय प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए दिया जायेगा। प्रथम पाली 9.30 बजे से 12.45 बजे तक जबकि द्वितीय पाली 1.15 बजे से 4.30 बजे तक होगी। सामान्य विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 2 घंटा 45 मिनट की होगी।
उन्होंने बताया कि विषय विशेषज्ञों की देखरेख में प्रश्न पत्रों का चयन किया जा चुका है। इस परीक्षा में भी प्रथम सवाधिक परीक्षा की तरह ही सभी विषयों के प्रश्न पत्र माध्यमिक परीक्षा-2020 के अनुसार ही 50 प्रतिशत वस्तुनिष्ठ (बहुविकल्पीय) तथा शेष लघु एवं दीर्घउत्तरीय प्रश्न दिये जायेंगे जिससे अभी से ही छात्र व छात्राएं बोर्ड के प्रश्न पत्र के पैटर्न से रू-ब-रू हो सकें। दशम वर्ग की प्रायोगिक परीक्षा का कार्यक्रम विद्यालय द्वारा स्वयं निर्धारित किया जायेगा।
द्वितीय सावधिक परीक्षा के कार्यक्रम
दिनांक दशम् वर्ग नवम् वर्ग
प्रथम पाली 9.30 से 12.45 बजे तक) (द्वितीय पाली 1.15 से 4.30 बजे तक)
24.09.2019 अंग्रेजी अंग्रेजी
25.09.2019 मातृभाषा: हिन्दी/उर्दू/बांग्ला/मैथिली द्वितीय भारतीय भाषा संस्कृत/हिन्दी/फारसी
26.09.2019 सामाजिक विज्ञान मातृभाषा: हिन्दी/उर्दू/बांग्ला/मैथिली
27.09.2019 सामान्य गणित सामान्य विज्ञान
28.09.2019 द्वितीय भारतीय भाषा संस्कृत/हिन्दी/फारसी -
30.09.2019 सामान्य विज्ञान सामान्य गणित
01.10.2019 ऐच्छिक विषय सामाजिक विज्ञान