बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

BIHAR NEWS: जिलाधिकारी ने बाढ़ को लेकर की समीक्षा बैठक, सर्वेक्षण सूची दुरुस्त रखने का दिया निर्देश

BIHAR NEWS: जिलाधिकारी ने बाढ़ को लेकर की समीक्षा बैठक, सर्वेक्षण सूची दुरुस्त रखने का दिया निर्देश

दरभंगा: समाहरणालय अवस्थित अम्बेडकर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में बाढ़ को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सदर अँचल एवं बहादुरपुर अंचल में नए क्षेत्रों में फैलने वाले पानी का आकलन करने में विलंब किया गया है। भ्रमण के दौरान यह पाया गया कि कई जगहों पर सामुदायिक किचन शुक्रवार को प्रारंभ किया जाना चाहिए था जिसे नहीं किया गया। बहादुरपुर के वरीय प्रभारी पदाधिकारी- सह- जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि बहादुरपुर के थलवाड़ा, बसतपुर, उघरा, मेकना बैदा, टीकापट्टी देकुली, हरपट्टी, तारालाही परिड़ी, प्रेमजीवर सहित 12 पंचायत आंशिक रूप से बाढ़ प्रभावित हैं, जहां के कुछ वार्ड में 15 से 20, 25 से 30 घरों में पानी प्रवेश किया है। बहादुरपुर अंचल में कुल 20 सामुदायिक रसोई चल रहे हैं। 17 जुलाई से और 11 सामुदायिक रसोई चलेंगे। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन शीट का वितरण आवश्यकतानुसार किया गया है तथा दो, तीन जगहों पर टेस्टिंग भी की गई है।

जिलाधिकारी ने उन्हें निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों का आकलन कर आवश्यकतानुसार पॉलीथिन शीट दिलवा दिया जाए तथा जहां आवश्यकता है वहां कल से सामुदायिक रसोई प्रारंभ करा दिया जाए। साथ ही यह ध्यान दिया जाए कि भोजन सबको समय पर मिले। पशु चारा के संबंध में बताया गया कि शुक्रवार को 06 क्विंटल पशु चारा का वितरण बहादुरपुर में करवाया गया है। बैठक में बताया गया कि अझौल पंचायत के कोठिया और बलुआही ग्राम बाढ़ प्रभावित है वहां पशु चारा का वितरण करवाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वैसे बाढ़ परिवारों का सर्वेक्षण करवा लेना होगा, जिनके नाम छूटे हुए हैं। उनके नाम सूची में जुड़वा देना होगा। यदि 05 से 07 दिनों तक पानी किसी घर के अंदर रहेगा तो उसे जीआर की राशि देय होगा। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सर्वेक्षण सूची अद्यतन कराना होगा। बैठक में बताया गया कि केवटी अंचल से पानी निकल गया है। 

सदर अंचल के संबंध में वरीय प्रभारी पदाधिकारी सह डीसीएलआर सदर ने बताया कि सोनकी, घोरघट्टा, साहिला सहित कई पंचायतों में उनके द्वारा शुक्रवार को भ्रमण किया गया है। सदर अंचल के 08 पंचायत के 16 वार्ड आंशिक रूप से बाढ़ प्रभावित हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 12 एवं शहरी क्षेत्र में दो सामुदायिक रसोई चलाया जा रहा है। जिसमें 5225 लोग भोजन कर रहे हैं। अब पानी घट रहा है। जो वार्ड बाढ़ प्रभावित हैं। वहां 15 से 20 एवं 25 से 30 घर ही प्रभावित है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन घरों में पानी प्रवेश कर गया है। उन्हें सूचीबद्ध करा लिया जाए। साथ ही उसकी वीडियोग्राफी करा ली जाए। गलत नाम न जुटे, सही नाम न छूटे इस पर ध्यान दिया जाए साथ ही नए क्षेत्र में पानी प्रवेश का भी आकलन करते रहें। सामुदायिक रसोई की जहां भी आवश्यकता हो उसे अविलंब चलाया जाए। हनुमाननगर अंचल के संबंध में वरीय प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सदर ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच लगभग 1300 पॉलीथिन शीट का वितरण करवाया गया है। अब बाढ़ का पानी घट रहा है।

बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सहायक समाहर्ता अभिषेक पलासिया, अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, समाहर्ता विभागीय जांच अखिलेश प्रसाद सिंह, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Suggested News