पटना: राज्य सरकार में मंत्री मदन साहनी ने इस्तीफा देने की पेशकश के बाद खुल कर अपनी बातों को जाहिर किया। उनकी बातों से सरकार में हड़कंप मच गया है। न्यूज4नेशन के साथ विशेष बात करते हुए साहनी ने कहा कि मैं अधिकारियों से आहत हूं। मुझे हर रोज लगता था कि अब नहीं संभाल सकते हैं लेकिन इंतजार कर रहा था। हर बड़ा लोग डिसीजन नहीं कर सकता है।
साहनी ने यहां तक कह डाला कि ये तो जीवन में एक ही बार न होगा। कई तरह के आरोप मेरे ऊपर भी लगेंगे। कहा जायेगा कि इनका काम नहीं हुआ तो इस्तीफा दे दिये।
दरअसल अपने ही अधिकारी की कार्यशैली से नाराज होकर मदन साहनी ने गुरुवार को मंत्रीपद से इस्तीफा देने की पेशकश कर दी। जिसके बाद सूबे की सियासत में अचानक भूचाल आ गया। वहीं मदन साहनी के इस्तीफे की पेशकश के बाद विपक्ष ने पुरजोर तरीके से सरकार पर हमला बोल दिया। जबकि सूबे की सरकार में सहयोगी पार्टी हम ने भी मदन साहनी के पक्ष में बयान देकर नीतीश सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी।
हम पार्टी प्रमुख तथा पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने भी कहा कि मुझे यह नहीं पता कि मदन साहनी इस्तीफा दे रहे हैं या नहीं लेकिन यह बात सही है बिहार में विधायकों और कई मंत्रियों की बातों को अधिकारी तरजीह नहीं देते। एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में भी मैंने इस मसले को उठाया था।