बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

NMCH में 45 मिनट तक ऑक्सीजन की सप्लाई ठप, मरीजों के साथ परिजनों की भी सांसे अटकी

NMCH में 45 मिनट तक ऑक्सीजन की सप्लाई ठप, मरीजों के साथ परिजनों की भी सांसे अटकी

PATNA : राजधानी पटना के इकलौते कोविड डेडिकेटेड अस्पताल एनएमसीएच  में उस समय अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, जब यहां  के कई वार्डों में रविवार को करीब 45 मिनट तक ऑक्सीजन आपूर्ति ठप पड़ गयी। इस दौरान जहां बेड पर पड़े मरीजों की सांसें अटकी रहीं। वहीं जीवन और मौत का फासला कम होता देख मरीजों के परिजन की बैचेनी भी बढ़ गई और वह हो-हल्ला मचाने लगे। हालांकि, दुर्घटना होने के पहले स्थिति नियंत्रित कर ली गयी। उसके बाद मरीजों के साथ ही परिजनों ने राहत की सांस ली। 

दरअसल, रविवार की दोपहर करीब तीन बजे अस्पताल के कुछ वार्ड में ऑक्सीजन गैस खत्म होने लगा था। इधर, ऑक्सीजन वैन आने में देरी होता देख अस्पताल प्रशासन सकते में आ गया। इस दौरान एनएमसीएच में ऑक्सीजन सप्लाई ठप पड़ते ही कई मरीज के परिजनों ने गाड़ी में रखे छोटे सिलेंडर से मरीजों को सपोर्ट दिया। वहीं, जिसके पास सिलेंडर नहीं था वे हाथ जोड़कर ईश्वर से प्रार्थना करने लगे। करीब आधा घंटा बाद सिलेंडर पहुंचा। उसके बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। इस बीच करीब 45 मिनट तक मरीजों की सांसें अटकी रहीं।

 मामले की जानकारी होते ही अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को त्राहिमाम संदेश भेजते हुए यथाशीघ्र ऑक्सीजन गैस आपूर्ति की मांग की।उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि अस्पताल को प्रतिदिन एक हजार सिलेंडर की आवश्यकता है। साथ ही मरीजों की संख्या व उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कम से कम 250 सिलेंडर रिजर्व रखना जरूरी है। जिससे कि भर्ती मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन उपलब्ध कराया जा सके। लगभग 25 मिनट बाद डीएम की ओर से ऑक्सीजन गैस के 50 सिलेंडर एनएमसीएच भेजा गया। 

बिहटा मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की किल्लत
 बिहटा स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी ऑक्सीजन की किल्लत बनी हुई है। रविवार को ऑक्सीजन की किल्लत होने पर मरीजों के परिजनों के बीच हाहाकार की स्थिति रही। उस समय आईसीयू में 17 मरीज भर्ती थे। जिला प्रशासन और पाटलिपुत्रा एजेंसी के सामने अस्पताल प्रशासन के लोग चक्कर काटते रहे। गिड़गिड़ाते रहे लेकिन देर रात तक वहां ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं हो सकी थी। 

Suggested News