BHAGALPUR : विगत माह नाथनगर इलाके में हुए सीरियल बम धमाकों के बाद एक बार फिर हबीबपुर क्षेत्र में बम विस्फोट की घटना घटी है। यहां एक बार फिर कूडे के ढेर पर रखा बम फटा है। घटना में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हे मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है की भागलपुर पुलिस जिला के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित करोड़ी बाजार राबिया कॉलोनी के रहने वाले मो. परवेज के बेटे 5 वर्षीय तबरेज और 3 वर्षीय हसनैन शनिवार की दोपहर खेल रहे थे।
इस दौरान कूड़े के ढेर पर बम विस्फोट हो गया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए है। दोनो को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बम विस्फोट की घटना का शिकार हुए मासूम तबरेज का एक हाथ उड़ गया है। जबकि हसनैन के सिर में गंभीर चोट आई है। परिजनों ने बताया कि दोनों दोपहर के वक्त घर के बाहर खेल रहे थे। जहां से एक शीशी लेकर घर आ गए।
शीशी को तबरेज ने जैसे ही जमीन पर पटका, बम फट गया। जिसमे दोनो घायल हो गए। घटना में दोनो बच्चो की दादी नाजमा भी आंशिक घायल हुई है। घटना की सूचना मिलते ही हबीबपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। इधर घटना को लेकर पुलिस मुख्यालय भी गंभीर है।
भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट