कतार तोड़कर पहले वैक्सीन लगवाने की करने लगा जिद, जब आंगनबाड़ी सेविकाओं ने किया मना तो कर दी पिटाई

NALANDA : एक तरफ बिहार के मुख्यमंत्री राज्य में टीकाकरण का महाअभियान चलाते हुए एक दिन में 30 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं उनके ही गृह जिले में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो इस कोशिश को नाकाम करने की कोशिश करने में लगे हैं। उनके लिए वैक्सीनेशन भी अपने इलाके में धौंस जमाने का जरिया बन गया है। यह वह लोग हैं जो कतार में खड़े होकर वैक्सीन लगवाना अपना अपमान समझते हैं और अगर उनकी बात नहीं मानी तो मारपीट करने लगते हैं।
मामला नालंदा जिले के सिलाव से जुड़ा है। जहां मिडिल स्कूल करियन्ना में महाअभियान के दौरान कोविड-19 का वैक्सीन करने पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों के साथ गांव के कुछ लोगों ने मारपीट व दुर्व्यवहार किया। इस दौरान एक आंगनबाड़ी सेविका के साथ भी मारपीट की गई। जिसमें टीका लेने पहुंची एक महिला हल्की चोटिल हो गयी। घटना की जानकारी आंगनवाड़ी सेविका और अन्य वैक्सिनेशन कर्मियों के द्वारा थाना, स्वास्थ्य विभाग और अपने सीडीपीओ कार्यालय को दिया गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सीडीपीओ कर्मियों से घटना की जानकारी लेकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास कर रही है। जिससे वैक्सीनेशन कार्य में जुटे कर्मियों में काफी रोष देखा जा रहा है। वैक्सीन कार्य में लगे कर्मियों ने कहा कि इस तरह हमलोग किस प्रकार कार्य करेगें। वहीं इस दौरान सूचना के बाद भी न तो पुलिस पंहुची न कोई वरीय अधिकारी ने आंगनबाड़ी सेविकाओं की बात सुनी। जिसके कारण आंगनबाड़ी सेविकाओं में रोष नजर आया।