रिश्वतखोर CO को हटाया गया...500 के नोट का बंडल लेने पर बोली थी - 'थोड़ा बढ़ा के दीजिए'

रिश्वतखोर CO को हटाया गया...500  के नोट का बंडल लेने पर बोली

पटना. रिश्वतखोरी और काम कराने के लिए 'चढ़ावा' के आरोप में तरैया प्रखंड में पदस्थापित अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा पर सरकार ने शिकंजा कस दिया है. न्यूज4नेशन पर खबर चलने के बाद सरकार एक्शन में आई और अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा पर नकेल कस दिया है. श्रेया मिश्रा  का स्थानांतरण सरकार ने कर दिया है. राजस्व एवं भूमि सुधार ने इस बावत पत्र जारी किया है. पत्र में लिखा है कि  श्रेया मिश्रा प्रभारी अंचलाधिकारी तरैया सारण को प्रशासनिक दृष्टिकोण से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग पटना मुख्यालय में प्रतिनियुक्त किया जाता है.यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.   

 बता दें छपरा के तरैया प्रखंड में पदस्थापित अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ है. इसमें श्रेया मिश्रा के सामने टेबल पर 500 रुपए के नोटों का बंडल पड़ा है. लेकिन श्रेया मिश्रा कह रही है कि थोड़ा बढ़ा के दीजिये...  यह वीडियो कब का है इसे लेकर news4nation कोई पुष्टि नहीं करता है. साथ ही वीडियो में पैसे देने वाले का चेहरा भी नहीं दिख रहा है. 

वीडियो में हो रही बातचीत से स्पष्ट है कि किसी काम को कराने को लेकर फरियादी से रिश्वत मांगी गई थी. इसमें सीओ श्रेया मिश्रा पूछ रही है कि कितना है तो देने वाला कहता है 21 (शायद 21 हजार रुपए). इस दौरान आगे कुछ और बातें होती हैं. इसी दौरान किसी अन्य मामले को लेकर सीओ श्रेया मिश्रा पूछती है कि इसका क्या हुआ पैसे देने वाला कहता है कि 10 दिया है. 25 आपका रहेगा. इसी को लेकर सीओ श्रेया मिश्रा कहती है 'थोडा बढ़ा के दीजिए. थोड़ा सा भी कर दीजिये.' वहीं पैसे देने वाला कहता है कि हमको कुछ रियात होता तब न. हम लोग तो साथ ही रहेंगे. 

बहरहाल अब छपरा के तरैया प्रखंड में पदस्थापित अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा पर विभाग ने नकेल कस दिया है और उनका ट्रांस्फर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग पटना मुख्यालय में कर दिया गया है.

रिपोर्ट-विवेकानंद