नीट पेपरलीक केस में सीबीआई ने दाखिल की पहली चार्जशीट, कांड में 13 लोगों को बनाया आरोपी
NEW DELHI : नीट पेपरलीक केस की जांच कर रही सीबीआई ने गुरुवार को अपनी पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है। दाखिल चार्जशीट में सीबीआई ने 13 लोगों को आरोपी बनाया है।
CBI ने एक अगस्त को धारा 120-बी, 201, 409, 380, 411, 420 और 109 आईपीसी और इसके मूल अपराधों के तहत 13 आरोपियों नीतीश कुमार, अमित आनंद, सिकंदर यादवेंदु, आशुतोष कुमार-1, रोशन कुमार, मनीष प्रकाश, आशुतोष कुमार-2, अखिलेश कुमार, अवधेश कुमार, अनुराग यादव, अभिषेक कुमार, शिवनंदन कुमार और आयुष राज के खिलाफ अपना पहला आरोप पत्र दायर किया है.
वहीं कई अन्य आरोपी पहले से ही पुलिस/न्यायिक हिरासत में हैं. जैसे ही इन आरोपियों/संदिग्धों के खिलाफ आगे की जांच पूरी हो जाएगी, पूरक आरोप पत्र दाखिल किए जाएंगे. सीबीआई ने अब तक इस मामले में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 15 को बिहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है और 58 स्थानों पर तलाशी ली है
सीबीआई ने इस मामले में पटना, हजारीबाग से कई लोगों को गिरफ्तार किया था. सीबीआई की जांच में सामने आया था की प्लान के तहत पेपर लीक किया गया था. NTA के बॉक्स से हजारीबाग के स्कूल से पेपर चोरी किया गया था.
गौरतलब है कि यह मामला शुरू में 5 मई को शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन, पटना में दर्ज किया गया था और बाद में 23 जून 2024 को सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया था. सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक, सीसीटीवी फुटेज, टावर लोकेशन विश्लेषण आदि का इस्तेमाल किया है