बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

दीवार फांद कर रिमांड होम से बाल बंदी फरार, मचा हड़कंप

दीवार फांद कर रिमांड होम से बाल बंदी फरार, मचा हड़कंप

NEWS4NATION DESK : लूट, छिनतई, चोरी, आर्म्स एक्ट जैसे तकरीबन आधा दर्जन संगीन मामलों का आरोपी बाल कैदी रिमांड होम से फरार हो गया है। घटना के बाद से रिमांड होम और प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। फरार बाल कैदी की तलाश की जा रही है। घटना झारखंड की राजधानी रांची की है।  

घटना के संबंध में बताया गया है कि मंगलवार शाम करीब छह बजे बूटी मोड़ के समीप डुमरदगा स्थित बाल सुधार गृह (रिमांड होम) से एक बाल बंदी वॉलीबॉल नेट के सहारे दीवार फांद कर फरार हो गया। मामले को लेकर बाल सुधार गृह के प्रभारी ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

बताया जाता है कि परिचितों के साथ कैदी बाल सुधार गृह में खेल रहा था। इसी दौरान अंधेरा होने का फायदा उठा कर उसने वॉलीबॉल के नेट को खोल कर उसमें ईंटा बांध दिया। इसके बाद उसे दीवार पर फेंका। नेट को दीवार पर लगे फेंसिंग के एंगल में फंसाया। तब नेट के सहारे दीवार फांद कर बाल बंदी फरार हो गया। 

कुछ देर बाद तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बाल बंदियों की जानकारी ली। तब उन्हें पता चला कि एक कैदी नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर डीएसपी दीपक पांडेय, थानेदार बेंकटेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के इलाके में खोजबीन की, मगर कैदी का कुछ पता नहीं चल पाया।

फरार बंदी की तलाशी के लिए खोजबीन जारी है। 


Suggested News