बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बेगूसराय में एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह के पक्ष में सीएम नीतीश ने किया चुनाव प्रचार, नाम लिए बिना लालू-तेजस्वी पर साधा निशाना

बेगूसराय में एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह के पक्ष में सीएम नीतीश ने किया चुनाव प्रचार, नाम लिए बिना लालू-तेजस्वी पर साधा निशाना

BEGUSARAI : बेगूसराय के बछवारा में आज बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 2005 तक शाम के बाद लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे, शिक्षा बदहाल थी। सड़क, पुल, पुलिया की स्थिति खराब थी। 2005 से मौका मिला तो हमने सभी के लिए काम किया। बीजेपी से हमारा संबंध 1995 से है। बीच में एक-दो बार हटे तो उसने गड़बड़ कर दिया, लेकिन उसने एक भी काम नहीं किया।

कहा की हम सिखाए तो आज बहुत बोलता है, अब कभी नहीं सटाएंगे। हम अब कभी बीजेपी से नहीं हटेंगे। नीतीश कुमार ने लालू यादव का नाम लिए बगैर कहा कि उन्होंने एक भी काम नहीं किया। अपने हटे तो पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया, अब बेटा-बेटी को बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस भी परिवारवाद करता है। हम लोगों ने कभी परिवार को सामने नहीं किया, पूरा बिहार ही हमारा परिवार है। शिक्षा के साथ-साथ हमने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी शानदार काम किया। 2005 तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिमाह औसतन 39 रोगी आते थे, अब 11 हजार रोगी आ रहे हैं। 2006 में हमने महिलाओं को पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, 2007 में नगर निकाय में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया तो उसे दूसरे राज्य ने भी अपनाया। बिहार में पहले हिंदू मुस्लिम एकता नहीं थी, मदरसा में कुछ नहीं किया जा रहा था। मुस्लिम भाई ध्यान दें कि हमने उनके लिए कितना काम किया है। अगर फिर वह जीत जाएंगे तो सब बेकार हो जाएगा। मदरसा के शिक्षकों को भी हमने समान शिक्षक की तरह वेतन देना शुरू किया। आठ हजार से अधिक कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई, फिर एक हजार कब्रिस्तान की घेराबंदी करेंगे।

बिहार में सेल्फ हेल्प ग्रुप (एसएचजी) की स्थिति बहुत खराब थी, इसमें बहुत कम महिलाएं जुड़ी हुई थी। हमने वर्ल्ड बैंक से कर्ज लेकर एसएचजी को बढ़ाया, जीविका से जुड़ी महिलाओं को जीविका दीदी कहा। हमको देखकर ही उस समय की केंद्र सरकार ने आजीविका का नाम दिया। आज बिहार में 10 लाख 51 हजार ग्रुप में एक करोड़ 31 लाख महिलाएं जुड़ी हुई है। कांग्रेस जातीय गणना की बात करता है, हमने सिर्फ जाति गणना नहीं कराया, बल्कि आर्थिक स्थिति भी देखा। 94 लाख परिवार गरीब मिले हैं, इन्हें राज्य सरकार ने दो-दो लाख रुपए देने की योजना शुरू की है।

सभा को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का नाम हो रहा है तो नीतीश कुमार के बिहार के विकास की शान पूरे देश में छा रहा है। बेगूसराय के नाम लेने से ऊर्जा और मजबूती का एहसास होता है। पिछली बार गिरिराज सिंह को यहां से लोगों ने जिताया था तो केंद्र और बिहार दोनों को मजबूती मिली। सभी राज्य हमारे प्रगति इसमें पीछे रहे हैं। अबकी बार पिछले लोकसभा चुनाव से भी अधिक अंतर से जिताएंगे तो हमारा राज्य और मजबूत होगा।

बेगूसराय से अजय शास्त्री की रिपोर्ट

Suggested News