नवादा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार का कश्मीर कहे जाने वाले ककोलत जलप्रपात का निरीक्षण करने नवादा पहुंचे। यहां सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि ककोलत आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसको देखते हुए हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। हर तरह से ककोलत में विकास के कार्य किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि यहां शौचालय बनाया जाएगा। साथ ही महिलाओं को कपड़ा बदलने के लिए कमरा बनवाया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री को देखकर पर्यटक भी काफी उत्साहित नजर आये।
सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
यह काफी पवित्र स्थल है। इसके पहले भी जलप्रपात तक पहुंचने के लिए सीढ़ी का निर्माण किया गया है। यह इलाका नक्सल प्रभावित है। इसको लेकर सीएम की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। वहीं मुख्यमंत्री के आगमन से यहां के लोगों में ककोलत जलप्रपात के विकास की उम्मीद जग गई है। इसके पूर्व भी एक बार मुख्यमंत्री ककोलत का निरीक्षण कर चुके हैं। यह उनकी दूसरी यात्रा है।