तेजस्वी यादव पर मेहरबान हुए सीएम नीतीश, बढ़ा दी सुरक्षा, अब मिलेगी Y+सिक्योरिटी

तेजस्वी यादव पर मेहरबान हुए सीएम नीतीश, बढ़ा दी सुरक्षा, अब

PATNA:  बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीएम नीतीश मेहरबान होते दिख रहे हैं। सीएम नीतीश ने तेजस्वी यादव के साथ साथ एक और पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया है। वहीं इस मामले में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी की है। जारी अधिसूचना में बताया गया है कि राज्य के दो पूर्व डिप्टी सीएम को वाई प्लस सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। 

दो डिप्टी सीएम को मिली Y+ सुरक्षा

दरअसल, गृह विभाग ने इस संबंध में बुधवार को डीजीपी को आदेश जारी कर सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया है। गृह विभाग के आदेश में कहा गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान किए जाने वाले दौरों और वर्तमान खतरे से जुड़ी आकलन रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार के द्वारा दोनों नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वाई प्लस श्रेणी में करीब एक दर्जन सुरक्षाकर्मी होते हैं। इसमें दो से चार कमांडो और पुलिसकर्मी शामिल होते हैं।   

पहले तेजस्वी के पास थी Z+ सुरक्षा  

मालूम हो कि, तेजस्वी यादव को पूर्व में उपमुख्यमंत्री के पद पर रहने के दौरान जेड प्लस की सुरक्षा मिली हुई थी। जिसे 31 जनवरी 2024 को हटा लिया गया था। इसके बाद उन्हें मंत्रियों को दी जाने वाली सुरक्षा उपलब्ध करायी जा रही थी। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद को 2023 की जुलाई में अग्निपथ आंदोलन के दौरान वाई श्रेणी की सुरक्षा देने का निर्णय लिया गया था किंतु उन्होंने उसे वापस कर दिया था। फिलहाल, उन्हें विधायकों को उपलब्ध होने वाली सुरक्षा हासिल है।

क्या है वाई प्लस सुरक्षा

वाई श्रेणी के सुरक्षा कवर में कुछ कमांडो समेत आठ से 11 जवान शामिल होते हैं. इसमें दो पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) भी शामिल होते हैं। भारत में कई वीआईपी लोगों को इस लेवल की सुरक्षा दी जाती है। कल्पना सोरेन, कंगना रनौत, महेंद्र सिंह धोनी और द कश्मीर फाइल्स के निदेशक विवेक रंजन अग्निहोत्री सहित कई दिग्गज नेताओं और सेलिब्रिटी को Y कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।