DESK. महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेता ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली को संबोधित करेंगे। इसमें देश के अन्य हिस्सों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
यह रैली कांग्रेस की 7 सितंबर से शुरू होने जा रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से पहले हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इलाज के लिए देश से बाहर गई हैं और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी उनके साथ गई हैं, इस कारण दोनों कार्यक्रमों में भाग नहीं लेंगी।
कांग्रेस महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भाजपा व केंद्र सरकार पर हमला करती रही है। पार्टी कहती रही है कि ये आम लोगों के मुद्दे हैं और इस पर सभी मंचों पर चर्चा होनी चाहिए।
उधर, कांग्रेस के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद भी रविवार को जम्मू के सैनिक फार्म में जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी छोड़ने के बाद यह उनकी पहली जनसभा होगी।