बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

नवादा में बढ़ा अपराध का ग्राफ, 22 दिनों में 11 हत्या की वारदात को अपराधियों ने दिया अंजाम

नवादा में बढ़ा अपराध का ग्राफ, 22 दिनों में 11 हत्या की वारदात को अपराधियों ने दिया अंजाम

नवादा... जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, चोरी आदि की घटनाओं में इजाफा हो गया है। जिससे लोग काफी सहमे हुए हैं। अचानक अपराध में हुई वृद्धि से सभी लोग सशंकित हैं। बेखौफ अपराधी पुलिस को लगातार चुनौती दे रहे हैं। आलम यह है कि 22 दिनों में 11 लोगों को अपराधियों ने मौत की नींद सुला दिया। यानि कि औसतन हर दूसरे एक हत्या की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। इसके अलावा दुष्कर्म की दो घटनाएं हुई हैं। चोरी की तो कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं। हालांकि कुछ मामलों में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। लेकिन कई मामलों में अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है। 

जिले के रजौली, रूपौ, कौआकोल, वारिसलीगंज, हिसुआ, नारदीगंज थाना क्षेत्र में हत्या की वारदातें हुई हैं। रजौली तिहरा हत्याकांड तो रूपौ दोहरे हत्याकांड का गवाह बना। रजौली के मामले में पुलिस ने मृतका के सौतेले पुत्र समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दो लोग अभी भी फरार हैं। रूपौ के दोहरे हत्याकांड में पुलिस नाकाम साबित हुई है। 

कौआकोल में जलवाहक की हत्या में अबतक एकमात्र बदमाश को गिरफ्तार किया जा सका तो हिसुआ व वारिसलीगंज में हुई हत्याओं में कोई कामयाबी नहीं मिल सकी है। वारिसलीगंज और पकरीबरावां थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। वारिसलीगंज में दुष्कर्म के आरोपित पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके और चकमा देते हुए अदालत में हाजिर हो गए। पकरीबरावां दुष्कर्म की घटना में भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। 


हाल की घटनाओं पर एक नजर 

30 नवंबर - रजौली थाना क्षेत्र के विनोबा नगर में रिटायर्ड दरोगा शिवनारायण राम की पत्नी लाछो देवी, पुत्र राजीव कुमार व राज कुमार की हत्या। मामले में सौतेला पुत्र समेत दो गिरफ्तार। 

2 दिसंबर - हिसुआ थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक निवासी पप्पू महतो की राजगीर में हत्या। अबतक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं। 

3 दिसंबर - रूपौ सहायक थाना क्षेत्र के बेनीपुर जंगल में अशोक राजवंशी व बच्चू राजवंशी की हत्या। किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं। 

6 दिसंबर - रजौली थाना क्षेत्र के सवैयाटांड़ जंगल में बबीता देवी की फांसी लगाकर हत्या। मामले में एक आरोपित गिरफ्तार। 

 7 दिसंबर - कौआकोल थाना क्षेत्र छबैल गांव में जलवाहक रामबरन ठाकुर की हत्या। गर्दन में कैंची घोंप कर की गई हत्या। मामले में एक आरोपित गिरफ्तार। 

16 दिसंबर - वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह में शिवशंकर सिंह की गला रेत कर हत्या, नाबालिग पुत्री लापता। किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं।

20 दिसंबर - काशीचक थाना क्षेत्र के मधेपुर गांव में पटवन विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या, दूसरा जख्मी। 

21 दिसंबर - नारदीगंज थाना क्षेत्र में फल्डू गांव के समीप एनएच किनारे एक युवक का शव बरामद। गर्दन रेत कर की गई हत्या

नवादा से अमन की रिपोर्ट

Suggested News