CRIME NEWS: शादी में हर्ष फायरिंग, दो मासूमों को लगी गोली, गम में बदली खुशियां, अब पुलिस कर रही जांच

मसौढ़ी: सरकार की रोक, अपील के बाद भी लोग दुस्साहस करने से बाज नहीं आते हैं। जिसका नजारा स्थानीय थाना क्षेत्र में देखने को मिला। जहां केवल दिखावे के चक्कर में दो मासूमों की जान पर बन आयी है। दरअसल शादी ब्याह में अक्सर लोग अपनी अहमियत दिखाने के लिए हर्ष फायरिंग कर डालते हैं। फायरिंग करने से पहले लोग ये भी नहीं सोचते कि इसका अंजाम क्या होगा। कभी कभी तो सब अच्छे से गुजर जाता है मगर कभी कभी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ती है। 

मिली खबर के अनुसार धनरुआ थाना क्षेत्र के वीर गांव में मंगलवार की रात एक शादी थी। हर तरफ शादी की चहल पहल थी। इसी दौरान जयमाला के समय किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिससे दो मासूम को गोली लग गई और वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में लड़की का चचेरा भाई नौ वर्षीय आदि कुमार व गांव के अमरेन्द्र कुमार का सात वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार शामिल है। घटना के बाद आननफानन में दोनों बच्चों को गंभीर हालत में पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के किसी निजी नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया जहां दोनों का इलाज चल रहा है। फ़िलहाल दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। 

इस बाबत अगमकुआं थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंच उसके फर्द बयान लेने की कोशिश में जुटी है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात धनरुआ के वीर गांव निवासी महेंद्र राम की पुत्री की शादी थी। बारात मसौढ़ी से आई थी। बताया जाता है कि बारात में शामिल कुछ स्थानीय युवक डीजे की धून पर डांस कर रहे थे और इस दौरान वे हवाई फायरिंग भी कर रहे थे। हालांकि इस बीच लड़की पक्ष के लोगों ने उन्हें रोकने की काफी कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। हद तो तब हो गई जब जयमाला के दौरान उनलोगों ने वहां भी हवाई फायरिंग कर दी। इस दौरान उनकी फायरिंग से पास स्थित एक छत के छज्जे पर बैठे सात वर्षीय प्रियांशु कुमार व नौ वर्षीय आदि कुमार घायल हो गए। प्रियांशु को पेट में तो वहीं आदि को सीने में गोली लगने की बात बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गयी और लोग इधर उधर भागने लगे। धनरुआ थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। फ़िलहाल इस बाबत अभी किसी के द्वारा लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस सूचना के आधार पर  मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।