मधुबनी: अवैध संबंध, जब तक नजर में नहीं आते हैं, तब तक बेधडक चलते रहते हैं लेकिन जब यह लोगों की नजर में आता है तो इसका अंजाम हमेशा खतरनाक ही होता है। कुछ ऐसी ही घटना घटी जिले के हरलाखी में, जहां बेटों ने अपनी मां के साथ उसके प्रेमी को देखा और ऐसा कदम उठाया कि एक की जान चली गयी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।
खबर के अनुसार, हरलाखी थाने के एक गांव के निवासी संतोष साह का उसी गांव की निवासी एक महिला के यहां आना-जाना था। महिला का पति दूसरे राज्य में जॉब करता है। इस दौरान संतोष का उस महिला से अवैध संबंध कायम हो गया। शनिवार की रात तक ऐसा ही चल रहा था। दरअसल शनिवार देर रात महिला ने संतोष को अपने घर बुलाया। जिसके बाद संतोष चुपके से महिला के कमरे में दाखिल हो गया। इसी बीच कमरे में हुई आहट से महिला के बेटे की नींद खुल गयी। जब उसने अपनी मां के कमरे में देखा तो पाया कि उसकी मां के साथ कोई और भी मौजूद है। बस, इसके बाद उसने शोर मचाना शुरु कर दिया। जिस पर उसका दूसरा भाई भी जग गया। गांव के लोग भी एकत्र हो गये। इस बीच अधेड़ को पकड़ कर हाथ-पैर बांध दिया और बेतहाशा पीटना शुरू कर दिया। मौके पर एकत्र गांव के लोगों ने दोनों युवकों को मारपीट बंद कर के बात करने की सलाह दी लेकिन उन्होंने पीटते-पीटते अधेड़ को मौत के घाट ही उतार दिया।
गांव में पुलिस बल तैनात
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।पुलिस ने इस आरोप में महिला के एक बेटे को गिरफ्तार कर लिया है जबकि महिला और उसका दूसरा बेटा फरार है।