JEHANABAD : जिले के काको थाना क्षेत्र के लालसे बीघा गांव में आज सुबह-सुबह एक 6 वर्षीय बच्चे की लाश बरामद हुई। लाश मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गांव के पिछले तीन दिनों से लापता शुभम कुमार के रुप में हुई।
बताया जा रहा है कि 6 वर्षीय शुभम पिछले तीन दिनों से लापता था। घर वालों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया था। जिसके बाद काको थाने में उसके लापता होने की रपट लिखाई गई थी।
वहीं आज सुबह गांव के बधार से उसकी लाश बरामद की गई। बच्चे की लाश बरामद होने के बाद जहां उसके घर में कोहराम मचा है। परिजनों द्वारा गांव के कुछ लोगों पर बच्चे की हत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है।
इधर लाश मिलने की सूचना पर काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्कॉयड टीम को भी बुलाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इधर घटना के बाद से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है।
जहानाबाद से अजित कुमार सिंह की रिपोर्ट