बालू माफियाओं पर नकेल कसने का दावा करते रहे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, उधर पटना में ही माफियाओं ने की वर्चस्व को लेकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो को लगी गोली

बालू माफियाओं पर नकेल कसने का दावा करते रहे डिप्टी सीएम विजय

PATNA : बिहार में एक तरफ डिप्टी सीएम व खनन मंत्री विजय सिन्हा बालू और गिट्टी माफियाओं पर नकेल कसने  बड़े बड़े दावे करते रहे। वहीं दूसरी तरफ पटना में ही बालू माफियाओं ने उन्हें ठेंगा दिया है। यहां बालू लदी नाव से रंगदारी वसूली में वर्चस्व को लेकर पटना के मनेर में दो अपराधी गुटों के बीच जमकर फायरिंग हुई है। जिसमें दो लोगों को गोली लगने की खबर है।  फायरिंग की खबर सामने आते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर कार्रवाई में जुट गई है।

बताया जाता है कि मनेर थाना क्षेत्र के लोदीपुर के ओम साईं  एवं निशा ईंट भठ्ठा के सामने नदी में बालू लदी नाव से रंगदारी वसूली की जाती है। सोमवार की रात रंगदारी वसूली कर रहे गुट पर दूसरे गुट के लोगों ने गोलीबारी कर दी। इसमें दो लोगों को गोली मारने की सूचना आ रही है। जिनमें एक लापता है एवं दूसरे के पैर में गोली लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं एफएसएल की टीम घटना की जानकारी एवं साक्ष्य एकत्रित कर लौट आई है। 

पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति के पैर में गोली लगने की बात कही जा रही है वहीं दूसरा व्यक्ति लापता है। घायल की पहचान विनय कुमार (40 वर्ष) पिता मुरारी राय एवं लापता व्यक्ति की पहचान देवनारायण राय उर्फ करिया (36 वर्ष) पिता सुभाष राय दोनों निवासी जीवराखन टोला लोदीपुर , थाना मनेर के रूप में हुई है। 

पुलिस ने बताया कि लोगों से सूचना मिल रही है कि देवनारायण राय लापता है, इसके परिजनों ने भी बताया कि कल रात से करिया लापता है ।वहीं घायल विनय राय ने पुलिस को बताया कि रात में दस बारह लोग हमें भठ्ठा की ओर ले गया और हम दोनों को गोली मार दी। दूसरा जिसे गोली लगी है वह कहां है इसके बारे में विनय से पूछा गया तो कहा , वह कहां है हमें कुछ मालूम नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।