बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

DM का निर्देश रविवार को पुस्तकालय पहुंचेंगे अधिकारी, छात्रों को पढ़ाएंगे संविधान का पाठ

DM का निर्देश रविवार को पुस्तकालय पहुंचेंगे अधिकारी, छात्रों को पढ़ाएंगे संविधान का पाठ

NAWADA : जिले के विभिन्न पंचायतों में खुली पुस्तकालयों में अब जिले के प्रशासनिक अधिकारी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करेंगे। वरीय अधिकारी पुस्तकालयों में दो घंटे की क्लास लेंगे। जिलाधिकारी यश पाल मीणा के निर्देश पर रविवार को अधिकारी पुस्तकालय पहुंच कर वहां अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं को सफलता से संबंधित टिप्स देंगे। रविवार को पुस्तकालयों में दो घंटे का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा और छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी। सदर अनुमंडल क्षेत्र के सात प्रखंडों की सात पंचायतों में स्थित सार्वजनिक पुस्तकालयों में रविवार को अधिकारी पहुंचेंगे और बच्चों को सफलता का मूलमंत्र देंगे। सदर अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

रविवार को पुस्तकालयों में दिन के 11 बजे से 1 बजे तक अधिकारी बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे। सदर अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती समेत संबंधित प्रखंड के बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी बच्चों को सफलता संबंधी आवश्यक टिप्स देंगे। एसडीएम ने सभी बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारियों को ससमय पुस्तकालय जाकर बच्चों का मार्गदर्शन करने का निर्देश दिया है। एसडीएम खुद कादिरगंज स्थित पुस्तकालय जाकर क्लास लेंगे।

मौलिक अधिकारों की जानकारी देंगे एसडीएम

सदर एसडीएम सदर प्रखंड के कादिरगंज स्थित पुस्तकालय भवन में शिरकत करेंगे। वे भारतीय संविधान पर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करेंगे। छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की बेसिक जानकारी और मौलिक अधिकारों के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को संविधान की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि जिले में हुनर की कमी नहीं है। बच्चों को सही मार्गदर्शन की जरुरत है। जिलाधिकारी की पहल पर यह व्यवस्था कर जा रही है।

जिले के 110 पंचायतों में संचालित है सार्वजनिक पुस्तकालय

जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी यश पाल मीणा काफी दिलचस्पी ले रहे हैं। उनकी पहल पर जिले की सभी पंचायतों में सार्वजनिक पुस्तकालय खोले जा रहे हैं। फिलहाल 110 पंचायतों में खोल दिए गए हैं। अन्य पंचायतों में पुस्तकालय खोलने की कवायद जारी है। पुस्तकालयों में शिक्षण संबंधी आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। प्रतियोगी छात्र-छात्राओं के लिए भी पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। ताकि छात्र-छात्राओं को ज्ञान अर्जन में परेशानी नहीं हो। गौरतलब है कि डीएम की पहल पर प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को सफलता का मंत्र देने के लिए कार्यशाला का भी आयोजन किया गया था। जिसमें यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को यूपीएस टापरों ने टिप्स दिए थे। जिलाधिकारी लगातार शिक्षा क्षेत्र में काम कर रहे हैं।

रविवार को इन पुस्तकालयों में पहुंचेंगे अधिकारी

सदर प्रखंड - कादिरगंज पुस्तकालय - सदर एसडीएम

सदर प्रखंड - गोनावां पुस्तकालय - बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी

नारदीगंज - पेश पुस्तकालय - बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी

काशीचक - चंडीनावां पुस्तकालय - बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी

पकरीबरावां - पकरीबरावां दक्षिणी पुस्तकालय - बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी

कौआकोल - पंचायत भवन कौआकोल - बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी

हिसुआ - पुस्तकालय भवन बगोदर - बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी

वारिसलीगंज - पुस्तकालय भवन बल्लोपुर - बीडीओ, सीओ व राजस्व अधिकारी

Suggested News