PATNA: बिहार के पूर्व सीएम डॉ जगन्नाथ मिश्रा का पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद दिल्ली से पटना लाया जाएगा। इसके बाद पटना आवास पर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि जगन्नाथ मिश्रा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ बुधवार उनके पैतृक गांव सुपौल जिले के बलुआ में होगा।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर जगन्नाथ मिश्र का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वे तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके थे। उनके निधन से पूरे बिहार में शोक की लहर व्याप्त है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने जगन्नाथ मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि मिश्र एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और अर्थशास्त्र के विद्वान प्राध्यापक थे।उन्होंने तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय मंत्री के रूप में इस प्रदेश एवं देश की सेवा की। उनके निधन से देश को, विशेषकर बिहार प्रान्त के राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि मिश्र एक प्रख्यात राजनेता एवं शिक्षाविद थे जिनका बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति में भी अमूल्य योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के राजनीतिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी जगन्नाथ मिश्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सुशील मोदी और मंगल पांडेय ने दिल्ली आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी।