पटना... बिहार की सियासत की सबसे बड़ी खबर यह है कि उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद 5 देशरत्न मार्ग में आज गृह प्रवेश करेंगे। बता दें कि इस बंगले को लेकर काफी राजनीति बीते दिनों में हो चुकी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राज्यसभा के निर्वाचन के बाद ही अपना सरकारी बंगला पांच देशरत्न खाली कर दिया था। अब यह बंगला बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को आवंटित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि तेजस्वी प्रसाद यादव के बाद उपमुख्यमंत्री के रूप में सुशील कुमार मोदी पांच देशरत्न मार्ग में आए थे। जैसे ही मोदी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए, उन्होंने सरकारी आवास खाली कर दिया। फिलहाल वे विधान पार्षदों के लिए बने आवासीय परिसर के आवास संख्या 52 में रह रहे हैं। उनके निजी कर्मी व सहयोगी इसी परिसर में उनसे मिलने आते रहते हैं।
वहीं दिल्ली में सुशील मोदी को दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का बंगला ही मिलने की चर्चा है। जानकारी के अनुसार सुशील मोदी को वहीं 12 जनपथ का बंगला मिलेगा, जिसमें रामविलास पासवान रहा करते थे। हालांकि आवंटन के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।