जहानाबाद में दिखी देशभक्ति और एकता की मिसाल, निकाली गई सबसे लम्बी तिरंगा यात्रा

JEHANABAD : आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर जिले के सामाजिक संगठन एक रोटी टीम की नेतृत्व में एक किलोमीटर से लम्बी तिरंगा यात्रा निकाली गई। गौरतलब हो कि आजादी के 75 वे वर्षगांठ पर देश अमृत महोत्सव मना रहा है। 


आपको बताते चलें की स्वतंत्रता दिवस के दो दिन पूर्व निकली गयी इस तिरंगा यात्रा को सूबे की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा करने का दावा किया गया है। इस तिरंगा यात्रा में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ साथ स्कूली छात्र छात्रायें सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जहानाबाद डीएम आवास के समीप से निकाली गयी यह यात्रा शहर के मुख्य मार्ग होते हुए गांधी मैदान में जाकर समाप्त हुई। इस यात्रा में सभी धर्म, पार्टी, जाति और समुदायों के लोगों द्वारा एकजुटता दिखाई गई। सभी एकजुट हो कर तिरंगे की शान के लिए एक साथ कदम से कदम मिला कर चले और देशभक्ति और एकता की मिसाल कायम की। 

इस यात्रा में शामिल स्थानीय पूर्व सांसद सह लोजपा नेता डॉक्टर अरुण कुमार ने बताया की यह कार्यक्रम आम जनता के सहयोग से किया गया जो काफी हर्ष की बात है। उन्होंने कहा की देश की आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसका हम सभी स्वागत करते हुए इस आजादी के महापर्व में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देश के आजादी के 75 वर्ष होने के बावजूद आज भी कई सांसद को राष्ट्रगान तक नहीं आता। इस मौके पर लोजपा नेत्री इंदु कश्यप ने बताया कि इस अनूठी यात्रा से लोगों के बीच एकता और सौहार्द बनाए रखने और देशप्रेम जागृत करने का संदेश दिया गया। 

इस मौके पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता के अलावा समाज के हर तबके के लोगो ने हिस्सा लिया। गौरतलब हो कि इससे पूर्व जिले में 1 किलोमीटर तिरंगा यात्रा निकाली जा चुकी है। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम में समाज के सभी तबकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इसका उद्देश्य लोगों मे देशप्रेम की भावना को जगाना है।

जहानाबाद से गौरव की रिपोर्ट