बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सोनपुर मेला के घोड़ा बाजार में गोलीबारी, अनंत सिंह समर्थकों और मंटू गोप के बीच फायरिंग

सोनपुर मेला के घोड़ा बाजार में गोलीबारी, अनंत सिंह समर्थकों और मंटू गोप के बीच फायरिंग

VAISHALI : सारण के सोनपुर थाना क्षेत्र में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध पशु मेला सोनपुर में उस समय अफरातफरी मच गई जब घोड़ा खरीदने को लेकर जमकर गोलीबारी हुई। फायरिंग करने का आरोप मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थकों पर लगा है। 

बताया जाता है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक ने घोड़ा खरीदने के लिए स्थानीय मंटू गोप नाम के व्यक्ति को पेशगी दिया था। घोड़ा को दिन में 1 बजे ले जाना तय हुआ था लेकिन बताया जा रहा है कि अनंत समर्थक उस वक्त घोड़ा लेने नहीं पहुंचे और वो करीब शाम के 4 बजे घोड़ा लेने गये। इस पर मंटू गोप ने अपना घोड़ा बेचने से इंकार कर दिया। 

करीब 4 बजे मोकामा विधायक अनंत सिंह हरिहर क्षेत्र मेला में ही थे। उन्हें इस बात की जानकारी मिली। अनंत सिंह ने दोनों पक्षों से बात कर मामले को समाप्त करा दिया। लेकिन जैसे ही अनंत सिंह घोड़ा बाजार से बाहर निकले उसी दौरान अनंत सिंह समर्थक और मंटू गोप के समर्थक आपस में भिड़ गये। इस दौरान जमकर तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग हुई।

अचानक हुई फायरिंग से घोड़ा बाजार में भगदड़ मच गयी और घोड़ा बाजार से लोग भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही मेला में तैनात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पूरा घोड़ा बाजार पुलिस छावनी में तब्दील है। मामले में पुलिस जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

Suggested News