नालंदा. जिले के बकरा गांव में अज्ञात बदमाशों ने पूर्व जिला पार्षद के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना दिन के 11 बजे के आसपास की बतायी जा रही है। बाइक सवार अपराधी गोली मारने के बाद फरार हो गए। मृतक 26 वर्षीय इंद्रजीत उर्फ अंशु कुमार है। घटना के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिवार के लोगों ने बताया कि हर दिन की तरह अंशु अपनी बर्तन की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे कुछ बदमाश बाइक से आए और दिनदहाड़े उसे गोली मार दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग करते हुए सभी बदमाश फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपराधी तीन की संख्या में आए थे।
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने अंशु को अस्पताल लाया, लेकिन तब तक उसकी जान चली गई थी। घटना के बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया। परिजन को नहीं पता कि की हत्या किस कारण की गई है। घटना को लेकर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में जुट गई है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। हत्या का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।