MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां पर एक बीजेपी नेता ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी (BJP Leader Commits Suicide After Killing Wife)। वहीं बाद में खुद को भी गोली मार ली। दोनों का शव कमरे में पड़ा हुआ मिला है। घटना कोतवाली थाना के लाल दरवाजा की है। इस घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पति-पत्नी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। मृत दंपती का नाम अरुण यादव और प्रीती कुमारी बताया गया है।
अरुण BJP के OBC मोर्चा में उपाध्यक्ष थे। वहीं पत्नी प्रीति कुमारी मुंगेर नगर निगम के होने वाले चुनाव में मेयर पद की प्रत्याशी थीं। आनेवाले चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अरूण और प्रीती पिछले कई दिनों से लगातार क्षेत्र में प्रचार-प्रसार के लिए जाया करते थे। लेकिन लगातार चुनाव प्रचार से हुई थकान के कारण प्रीती अब कुछ समय के लिए आराम चाहती थी, जबकि अरूण इसके खिलाफ था।

तीन दिन से हो रहा था झगड़ा
नेता अरुण यादव के पिता फुलेश्वर यादव ने बताया कि बेटे ने पत्नी प्रीति को प्रचार करने के लिए भेजना चाहते थे। मगर प्रीति जनसंपर्क अभियान में लगातार जाने के कारण थक गई थीं। अब वह क्षेत्र में प्रचार के लिए जाने से कतरा रही थीं। इसी बात को लेकर पिछले 3 दिनों से दोनों के बीच काफी विवाद चल रहा था।
शाम छह बजे आई कमरे से गोलियों की आवाज
BJP नेता के घर से शाम 6 बजे लगातार दो गोली चलने की आवाज आई। आनन-फानन में लोग उनके घर के तरफ दौड़े। वहां जाकर देखा तो पता चला कि BJP नेता के बेड रूम से गोली चलने की आवाज आई। उनके बेड रूम के पास गए तो देखा कि बेड रूम अंदर से बंद था। जब खिड़की से झांक कर देखा तो दोनों पति-पत्नी का शव रूम में पड़ा था।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने कमरे से दो देसी कट्टा बरामद किया है. पुलिस को दोनों के सिर में गोली के निशान मिले हैं. फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों की मानें तो BJP नेता अरुण यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मगर BJP में शामिल होने के बाद वह समाजसेवा में जुट गए थे। दंपती की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।