पटना के मसौढ़ी में अपराधी बेलगाम जीविका समूह के कलेक्शन एजेंट को अपराधियों ने मारी गोली, एक लाख रुपए की लूट

पटना के मसौढ़ी में अपराधी बेलगाम जीविका समूह के कलेक्शन एजें

MASAURHI : मसौढ़ी में मानो अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन अपराधी किसी न किसी अपराधिक घटना को अंजाम देकर मौके वारदात से बड़े ही आराम से फरार हो जा रहे हैं। एक बार फिर मसौढ़ी में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक निजी समूह के कलेक्शन एजेंट को गोली मारकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। इस दौरान अपराधियों ने युवक के पास मौजूद पैसों से भरा बैग भी लूट लिया और फरार हो गए। 

बाइक से आए थे लुटेरे

पूरा मामला मसौढ़ी अनुमंडल के भगवानगंज थाना क्षेत्र की है ।बताया जाता है कि अक्षय कुमार नामक एक युवक जो जीविका समूह का कलेक्शन एजेंट बताया जाता है। वह मसौढ़ी से कलेक्शन हेतु भगवानगंज जा रहा था। अभी वह भगवानगंज थाना क्षेत्र के नदौना गांव के पास पहुंचा ही था कि पीछे से ब्लू रंग की अपाचे बाइक से कुछ अपराधी आए और अक्षय को रोकने का इशारा किया। जैसे ही अक्षय ने अपनी मोटरसाइकिल रोकी अपराधियों ने उसके ऊपर पिस्टल तान दिया और उससे पैसों भरा बैग छीन लिया। जब इस लूटपाट का विरोध अक्षय कुमार ने किया तो अपराधियों ने उसके पैर में गोली मार दी। जिससे अक्षय घायल होकर रोड पर गिर गया। 

मौके का फायदा उठाकर सभी अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए।घटना की सूचना पाकर भगवानगंज थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और घायल युवक को उपचार हेतु मसौढ़ी के अनुमंडल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां अक्षय की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।अक्षय के अनुसार इसके बैग में आज का कलेक्शन किया हुआ करीब एक लाख रुपए थे जो अपराधी लूट कर अपने साथ ले गए। दिनदहाड़े लूटपाट की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।

REPORT - SUJIT