MUZAFFARPUR : जिले के पारू थाना क्षेत्र के जाफरपुर अम्बारा रोड में बाइक सवार अपराधियों ने मोबाइल लूट में असफल होने पर छात्र पंकज कुमार को गोली मार दिया। एक गोली उसके जांघ में लगी है। जिससे वह घायल होकर गिर गया। हालांकि इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और उठकर भागता हुआ गांव में पहुँच गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास से काफी लोग जुट गए। यह देखकर बाइक सवार तीन अपराधी भाग निकले। वही घटना की सूचना मिलने पर थानेदार रामनाथ प्रसाद ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। जहाँ मौके से एक खोखा बरामद किया गया है।
आपको बता दें कि पंकज इंटर में पढ़ता है और वह बसैठा में नामांकन के लिये लॉ का फॉर्म भरने गया था। वहां से लौटने में उसे रात हो गयी। इसी क्रम में अपराधियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद पिस्टल के बल पर मोबाइल लूटने का प्रयास किया। लेकिन पंकज ने साहस का परिचय देते हुए लूटेरों से हाथापाई करने लगा।
इसी दौरान एक लुटेरा को धक्का देकर वह भागने लगा। तभी अपराधियों ने पीछे से उस पर गोली चला दी। गोली चलाने के बाद बाइक सवार तीनों अपराधी वहां से भाग निकले। पंकज को शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। जहाँ उसका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
मुजफ्फरपुर से गोविन्द की रिपोर्ट