देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं ... गिरिराज ने बोला हमला, अफवाह और झूठ का नैरेटिव फैलाते हैं कांग्रेस नेता

देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं ... गि

पटना. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गाँधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि मैं मानता हूं कि यह देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं। उन्होंने शुक्रवार को दिल्ली में कहा कि संसद के अंदर झूठ बोलने के साथ-साथ वह बाहर भी दुष्प्रचार कर रहे हैं. उन्हें अपनी जाति बताने में शर्म आती है, वह पूरी दुनिया की जाति पूछते हैं. 

वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) रेड को लेकर किए गए राहुल गांधी के दावे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार किया है. गिरिराज सिंह ने कहा,'राहुल गांधी वायनाड से रात में अफवाह फैलाते हैं. झूठ का नैरेटिव और झूठ की खेती करते हैं. राहुल गांधी हतोत्साहित हैं. इसलिए यह झूठी अफवाह फैलाई है.  एक्स पर एक पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने कहा,'जाहिर है, 2 इन 1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया. ईडी के 'अंदरूनी लोगों' ने मुझे बताया कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है. बांह फैलाकर ईडी का इंतजार कर रहा हूं, चाय और बिस्कुट मेरी तरफ से.' 

दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को बड़ा दावा करते हुए कहा है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) संसद में उनके 'चक्रव्यूह' भाषण के बाद उन पर छापेमारी करने की योजना बना रहा है. कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि ईडी के 'अंदरूनी लोगों' ने उन्हें इस बारे में जानकारी दी है. राहुल के इन्हीं बयानों को लेकर गिरिराज ने उन पर हमला बोला.