बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

जमुई में हो सकता है नक्सली हमला, जिले में जारी किया हाई अलर्ट

जमुई में हो सकता है नक्सली हमला, जिले में जारी किया हाई अलर्ट

जमुई। पुलिस मुख्यालय के स्पेशल ब्रांच से मिली खुफिया जानकारी के बाद नक्सल प्रभावित जिला जमुई के अलावा मुंगेर और लखीसराय की पुलिस न केवल हाई अलर्ट पर है बल्कि झारखंड से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है और सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट पर रहने के साथ-साथ कई खास निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय के स्पेशल ब्रांच को खुफिया जानकारी मिली कि नक्सली संगठन नए साल में नक्सल प्रभावित जिला जमुई, मुंगेर और लखीसराय के इलाकों में बड़ी नकस्ली घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं इसके बाद से स्पेशल ब्रांच ने नक्सल प्रभावित इन जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार इस अलर्ट के बाद जमुई, लखीसराय और मुंगेर की पुलिस संयुक्त रुप से झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है ताकि नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेरा जा सके।

बीते सालों में हुए हैं कई हमले

जमुई जिला का अधिकांश क्षेत्र नक्सल प्रभावित और बीते सालों में कई नक्सली घटनाएं इन इलाकों में हो चुकी है। पुलिस मुख्यालय से अलर्ट जारी होने के बाद से झारखंड से सटे जमुई के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है और लगातार पुलिस जंगलों की खाक छानते नजर आ रहे हैं। पुलिस  सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार जमुई के पुलिस कप्तान द्वारा जिले के सभी थानाध्यक्षों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के साथ-साथ इलाकों में पुलिस गश्ती तेज रखने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस को बना सकते हैं निशाना

जानकारी ये भी मिली है कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। नक्सलियों के निशाने पर पुलिस पिकेट, थाना, पुलिस पदाधिकारियों के अलावा राजनेता भी हैं। जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की है और उसपर नक्सलियों द्वारा काम भी किया जा रहा है।

इस बाबत पूछे जाने पर जमुई के पुलिस कप्तान प्रमोद कुमार मंडल ने कहा कि जमुई जिला नक्सल प्रभावित जिला है यही कारण है कि जमुई पुलिस 24 घंटे अलर्ट मोड में रहती है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित जिला होने के कारण जिला के विभिन्न इलाकों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जाना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस के सक्रियता के कारण ही बीते दिनों कई हार्डकोर नक्सलियों और अपराधियों को गिरफ्तार भी कर चुकी है। एसपी ने कहा कि वो किसी भी कीमत पर नक्सलियों के किसी मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे।

Suggested News