जोकीहाट में बिगड़ सकता है जदयू का खेल, उम्मीदवार पर दर्ज है रेप और मर्डर का केस

PATNA : जोकीहाट उपचुनाव में जदयू के उम्मीदवार मुर्शीद आलम पर कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चुनाव आयोग को दिये एफिडेविट के मुताबिक वे रेप और हत्या मामले के आरोपी हैं। सिमराहा थाना कांड संख्या 221/12 में उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 376 के तहत FIR दर्ज है। धारा 376 का मतलब है रेप का केस। यह मामला 2012 में उनके खिलाफ दर्ज कराया गया था। इसी तरह मुर्शीद आलम पर पलासी थाना के कांड संख्या 42/2008 के तहत धारा 302 का मामला दर्ज है।
यानी उन पर हत्या का भी आरोप है। मुर्शीद आलम के चुनावी हलफनामे
से इन बातों का खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद जोकीहाट की चुनावी राजनीति गरमा
सकती है। नीतीश कुमार साफ-सुथरी राजनीति की वकालत करते रहे हैं। अगर उनके दल के
उम्मीदवार पर इतने गंभीर आरोप हैं तो यह नीतीश की छवि के खिलाफ है।
मुर्शीद आलम जोकीहाट के
पलासी प्रखंड से आते हैं। वे पहले मुखिया भी रहे हैं। 2005 में उन्होंने निर्दलीय
उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। फिर 2010 में वे सिकटी विधानसभा क्षेत्र से
एनसीपी के टिकट पर मैदान में उतरे थे। लेकिन दोनों बार उन्हें हार मिली थी।
जोकीहाट जदयू की सीटिंग सीट है। इस सीट पर सरफराज आलम जीते थे। जब उनके पिता और
राजद सांसद तस्लीमुद्दीन की मौत हुई तो वे अररिया से उपचुनाव लड़ने के लिए राजद
में चले गये। सरफराज आलम के सांसद बन जाने से यह सीट खाली हुई जिस पर 28 मई को उपचुनाव
है। जदयू के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल है। महगठबंधन से अलग होने के बाद ये
दूसरा मौका है जब जदयू का राजद से चुनावी मुकाबला होगा। मुर्शीद आलम से जुड़े नये खुलासे के बाद अब जदयू की
चुनौतियां बढ़ गयी हैं।