रामलला प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जदयू सांसद सुनील कुमार पिंटू ने की पीएम मोदी की तारीफ, कहा सनातनियों को उनपर गर्व है

रामलला प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जदयू सांसद सुनील कुमार पिंटू

SITAMARHI : अयोध्या में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर रामायण रिसर्च काउंसिल ने सीतामढ़ी में भव्य आयोजन किया। काउंसिल ने अति प्राचीन राघोपुर बखरी स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में अखण्ड रामायण पाठ प्रारंभ कराया तथा चौबीस के लिए श्रीरामनाम धुन की शुरूआत हुई। इस दौरान हवन-पूजन भी किया गया। श्रीभगवती सीता तीर्थ क्षेत्र समिति के अध्यक्ष तथा सीतामढ़ी से सांसद सुनील कुमार पिंटू ने कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत की। इस दौरान अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को यहीं मंदिर में एक बड़ा स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारित भी किया गया। 

इस दौरान सांसद पिंटू ने कहा कि भगवान श्रीराम हमारे जीवन के लिए आदर्श हैं और आज हम सनातन-प्रेमियों के लिए गर्व की बात है कि हमारे श्रीरामलला आज अयोध्या में विराजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की पत्नी मां जानकी जी हैं और मां जानकीजी के प्राकट्य क्षेत्र सीतामढ़ी में भी भव्य आयोजन हो, यहां के अति प्राचीन श्रीराम-जानकी मंदिर से लोग अयोध्या में भगवान के प्राण-प्रतिष्ठा को लाइव देख सकें, इसके लिए यह आयोजन किया गया। 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज पूरे सनातन को उन पर गर्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के हाथों भगवान को यह पूजन संपन्न कराना था, इसके लिए प्रधानमंत्री बहुत भाग्यशाली भी हैं। कार्यक्रम के अंत में श्रीराम-नाम धुन कर रहे मंडली सदस्यों को सांसद पिंटू ने कंबल भेंट कर सम्मानित भी किया। वहीं, शाम होने पर राम-जानकी मंदिर को 1008 दीयों से जगमग भी किया गया। 

इस दौरान सीतामढ़ी के जाने-माने चिकित्सक डॉ. वरुण, लोजपा के जिलाध्यक्ष ऋषिकेश झा, जिला परिषद सदस्य नागेंद्र राय, समाजसेवी बब्बन सिंह, रुपेश शर्मा, रंजीत कुमार समेत कई गणमान्य एवं सीतामढ़ी के सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।