जदयू उपाध्यक्ष ने किया दावा, विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन में दरार का फायदा एनडीए को मिलेगा

BHAGALPUR : तारापुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पहुंचे जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने स्थानीय एक होटल में प्रेस वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने कहा की तारापुर और कुशेश्वरस्थान में जनता दल युनाईटेड के विधायक थे। दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके निधन के बाद इन दोनों जगहों पर चुनाव हो रहा है। इसके बाद दोनों जगहों पर हमारे प्रत्याशी भारी मतों से चुनाव जीत रहे हैं। 

उन्होंने कहा की दोनों जगहों पर लोगों ने सरकार के प्रति आस्था जताया है। वहीँ भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा की महागठबंधन में बिखराव हो चुका है। उसके बिखराव के कारण फायदा एनडीए को मिल रहा है। दोनों जगहों पर जदयू प्रत्याशी के खिलाफ राजद और कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों दलों के बीच दरार होने का फायदा एनडीए प्रत्याशी को मिलेगा। 

वहीं भगवान सिंह कुशवाहा ने कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास पर लालू यादव के द्वारा दिए गए बयान पर राष्ट्रीय जनता दल से मांग की है कि वह बिहार के दलित समाज से बयान को लेकर माफी मांगे। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान दलितों का अपमान है। 

भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट