बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

फूंके हुए 'कारतूस' को बटोर JDU बनेगा नंबर वन! पूर्व MLC विनोद सिंह 'पाला' बदल LJP से सत्ताधारी जमात में हुए शामिल

फूंके हुए 'कारतूस' को बटोर JDU बनेगा नंबर वन! पूर्व MLC विनोद सिंह 'पाला' बदल LJP से सत्ताधारी जमात में हुए शामिल

PATNA : जेडीयू फूंके कारतूसों को इकट्ठा कर नंबर -1 बनने की कोशिश में जुटा है। सत्ताधारी जेडीयू की नजर लोजपा पर है। लोजपा के हर छोटे-बड़े या फिर आउटडेटेड (फूंके हुए कारतूस) नेताओं को जेडीयू में शामिल कराया जा रहा है। आज एक बार फिर से लोजपा के कई नेताओं को जेडीयू ने अपने दल में शामिल कराया है। इनमें से पूर्व एमएलसी विनोद सिंह सबसे प्रमुख चेहरे हैं। वैसे जिस नेता को जेडीयू अपने दल में शामिल करा इतरा रहा है वे पिछले 2 विस चुनाव से हार रहे हैं. विनोद सिंह पहले जेडीयू में थे लेकिन 6 साल पहले नीतीश कुमार का साथ छोड़ चिराग का दामन थाम लिया था। आज फिर से पाला बदल जेडीयू में शामिल हुए हैं.  

फिर से पाला बदल लिये विनोद सिंह

दरअसल लोजपा के नेता व पूर्व विधान पार्षद विनोद सिंह अपने समर्थकों के साथ आज 20 सितंबर को जेडीयू में शामिल हो गये। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। विनोद सिंह इसे अपनी राजनीतिक घर वापसी बता रहे हैं। प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में मंत्री अशोक चौधरी, संजय झा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। विनोद सिंह के जेडीयू में शामिल होने को लेकर पटना में बड़े स्तर पर बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। विनोद सिंह के साथ मधुबनी लोजपा चिराग गुट के जिलाध्यक्ष बचनु मंडल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी जदयू का दामन थामा। 

विनोद सिंह के साथी नेता का ऑडियो वायरल

लोजपा छोड़कर सत्ताधारी दल जेडीयू में शामिल होने के पीछे नेताजी की शायद मंशा यही है कि कहीं संगठन में जगह मिल जाए। साथ ही समर्थकों को बीस सूत्री व अन्य जगहों पर सेटिंग करा दें। ताकी अपनी राजनीति अच्छे से चल सके। जेडीयू में शामिल होने से पहले सेटिंग का एक ऑडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। लोजपा के मधुबनी जिलाध्यक्ष रहे और आज पूर्व एमएलसी विनोद सिंह के साथ जेडीयू में शामिल हुए बचनु मंडल का एक ऑडियो वायरल है। लोजपा के मधुबनी जिला अध्यक्ष बचनु मंडल अपने राजनगर के प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण झा से बात कर रहे हैं। ऑडियो में बचनु मंडल कहते सुने जा रहे कि विनोद सिंह JDU में शामिल हो रहे। हम भी उनके साथ शामिल हो रहे।आप भी शामिल होने पर विचार कीजिये। ऑडियो में सुना जा रहा कि मंत्री संजय झा से बातचीत हो चुकी है। समय रहते अगर जदयू में शामिल नहीं हुए तो फिर संगठन या 20 सूत्री में जगह नहीं मिलेगी। चर्चा में पूर्व एमएलसी विनोद सिंह का भी नाम है। हालांकि इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि न्यूज़4नेशन नहीं करता है। 

लोजपा ने 2 बार दिया था विस का टिकट

बता दें, लोजपा नेता विनोद सिंह को पार्टी ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में टिकट भी दिया था. वे लंबे अर्से तक लोजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य और प्रदेश उपाध्यक्ष रहे हैं. लोजपा से जुड़ने से पहले वे JDU में थे. लेकिन पाला बदल कर लोजपा में शामिल हुए थे। एक बार फिर से पूर्व एमएलसी पाला बदलकर JDU में शामिल हो गए हैं। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि इ दिनों जेडीयू फूंके हुए कारतूसों को इकट्ठा कर नंबर वन बनने की जुगत में है। 


Suggested News