बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

झारखंड चुनाव: क्या लोकलुभावन योजनाओं के सहारे भाजपा को दोबारा जीत दिला पाएंगे रघुवर दास ?

झारखंड चुनाव: क्या लोकलुभावन योजनाओं के सहारे भाजपा को दोबारा जीत दिला पाएंगे रघुवर दास ?

RANCHI: झारखंड के विधानसभा चुनाव पर पूरे देश की नजर है। जहां भाजपा सत्ता में दोबारा वापसी की जुगत में लगी है। इस बार के चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास के लिए भी कड़ी परीक्षा है। वह अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के भरोसे इस चुनाव में मैदान में उतर रहे हैं। लेकिन सवाल यही है कि क्या रघुवर दास इस बार इन योजनाओं के जरिए चुनाव जीत पाएंगे।

उज्जवला योजना दिलाएगी सफलता?

लोकसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी की शानदार कामयाबी के पीछे केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का बहुत बड़ा हाथ रहा है। एक सर्वेक्षण में इस बात की तस्दीक भी की गई कि कैसे चुनावों से काफी पहले ही केंद्र सरकार ने देश के करीब 115 पिछड़े जिलों की पहचान करके वहां अपनी कल्याणकारी योजनाएं लागू कीं, जिसका चुनाव में उन्हें फायदा मिला। उज्ज्वला योजना इन्हीं कल्याणकारी योजानओं में से एक है। अब झारखंड सरकार ने इस योजना की कमियों को दुरुस्त करके लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश में है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि राज्य सरकार उज्ज्वला योजना के लाभान्वितों को एक बार फिर गैस सिलेंडर भरवाकर दे रही है।
 
 बताया जा रहा है कि झारखंड में उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को करीब 30 लाख से ज्यादा गैस कनेक्शन बांटे गए हैं। गैस कनेक्शन देते वक्त इन्हें भरे हुए सिलेंडर मुफ्त में दिए गए थे। इन सरकार दोबारा इनकी मुफ्त में रिफिलिंग भी करवा रही है। इसके साथ ही सरकार ने इस योजना से  और परिवारों को जोड़ने का दावा किया है। उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त में गैस कनेक्शन हासिल करने के शर्तों में भी ढील दी गई है। पहले सामाजिक और आर्थिक सर्वे के डेटा के आधार पर कनेक्शन दिए जा रहे थे। अब जाति प्रमाण पत्र और राशन कार्ड के आधार पर गरीब परिवारों की पहचान कर गैस कनेक्शन दिए जा रहे है।

मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से मिलेगा आशीर्वाद?

रघुवर दास को भी अपनी योजनाओं को लेकर जीत का पूरा भरोसा है।  झारखंड के किसानों की नाराजगी दूर करने के लिए सरकार को मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना पर भरोसा है। रघुवर सरकार ने बजट में किसानों की आर्थिक मदद के लिए इस योजना की सौगात दी है। इसमें राज्य के छोटे और मंझोले किसानों को खरीफ की फसल के लिए प्रति एकड़ 5 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है। इस योजना के अंतर्गत जिनके पास एक एकड़ से कम जमीन है उन्हें 5 हजार रुपए की सालाना मदद दी जा रही है। सरकार की इस योजना के राज्य के करीब 22.76 लाख किसानों को फायदा मिल रहा है। 2019-20 में इस योजना पर 2250 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। चुनावों में इस योजना से बीजेपी को फायदा मिलने की उम्मीद की जा रही है।

गौरतलब है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि प्रदेश की 65 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी और रघुवर दास एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। पार्टी का मानना है कि भाजपा अपनी राज्य सरकार के कामकाज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय अपील के आधार पर सत्ता में लौटेगी।


Suggested News