PATNA : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने अपने विरोधियों पर जमकर हमला बोला है।मांझी ने कहा कि जो लोग यह आश लगाए बैठे थे कि मांझी की नैया डूबने वाली है ,उनको तगड़ा झटका लगा है। उन्होंने सवालिए लहजे में कहा कि अगर चलती ट्रेन से एक-दो यात्री उतर जाए तो क्या ट्रेन रूक जाएगी? उसी तरीके से हमारी पार्टी से एक-दो नेता अगर अलग हो गए तो पार्टी डूब जाएगी? पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल और प्रवक्ता दानिश रिजवान के पार्टी छोड़ने से कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला।
पूर्व सीएम ने कहा कि आज पूरी पार्टी हमारे साथ खड़ी है। पूरे बिहार के सभी जिलाध्यक्ष और प्रभारी पार्टी की नीतियों के साथ हैं। कुछ लोग यह कहते फिर रहे हैं कि हिंदूस्तानी आवाम मोर्चा अब डूब जाएगी।वे भ्रम में जी रहे थे। आज की बैठक में पार्टी के पूरे बिहार के करीब 32 जिलाध्यक्ष और प्रभारी शामिल हुए थे। मांझी ने कहा कि पूरी पार्टी ने एक स्वर से कहा कि दोनों नेताओं ने पार्टी छोड़ी है उन्हें फिर से वापस नहीं लिया जाए।
दानिश रिजवान को नहीं किया जा सकता माफ-मांझी
पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने कहा कि पार्टी के नेता दानिश रिजवान ने पार्टी से त्यागपत्र देने के बाद उनसे मिले थे। वे अपना भूल सुधार करना चाहते थे। लेकिन उन्होंने पार्टी की नीतियों के खिलाफ जाकर बयानबाजी किया था। लिहाजा उन्हें वापस पार्टी में लेना संभव नहीं है।