SIWAN: बिहार का सीवान जिला ज्यादातर खौफनाक वारदातों के लिए चर्चित रहा है। पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की वजह से यह इलाका वारदातों के लिए खासा चर्चित रहा है। फिलहाल यहां से एक और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक प्रेमी को प्रेमिका के परिजनों द्वारा जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। वहीं युवक को बचाने के चक्कर में प्रेमिका भी गंभीर रूप से झुलस गई है। गंभीर हालत में घायल युवक को स्थानीय पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह मामला एमएच नगर थाना इलाके के कन्हौली गांव का बताया जा रहा है। पुलिस को युवक की जेब से आधार कार्ड मिला है, जिसपर यूपी के उरई, जालौन का पता अंकित है। युवक के पास से एक प्रेस प्रमाण पत्र भी मिला है, जिस पर उसका नाम रामू अंकित है। इस वारदात के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि युवक गुरुवार को अपनी प्रेमिका के घर आया हुआ था। प्रेमिका के परिजनों के साथ शुक्रवार की सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि उसपर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। उसे बचाने के क्रम में उसकी प्रेमिका भी गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज पीएचसी में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार कन्हौली गांव के एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी कानपुर में की है। उक्त व्यक्ति की दूसरी पुत्री और रामू के बीच कानपुर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पहली बार वह कल रात उक्त लड़की से मिलने उसके गांव कन्हौली पहुंचा था। तभी परिवार वालों को यह बात नागवार लगी और रामू पर पेट्रोल डालकर जान लेने का प्रयास किया। वहीं बीच बचाव में युवती भी जल कर घायल हो गई है।
सदर एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय ने भी सीवान सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। एमएचनगर हसनपुरा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मामले में एमएच नगर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि मामला अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। युवक यहां का नहीं है, वह कैसे यहां आया और किस तरह से वह जला इसे बताने की स्थिति में वह नहीं था। एक युवती भी जल कर घायल हुई है। लड़की अभी पुलिस को बरामद नहीं हुई है। वहीं पुलिस युवक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।