बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

रंक से राजा का सफर : जहां पति करता है साफ सफाई का काम, पत्नी बन गई उसी ब्लॉक की प्रमुख

रंक से राजा का सफर : जहां पति करता है साफ सफाई का काम, पत्नी बन गई उसी ब्लॉक की प्रमुख

SAHARANPUR : जिस ब्लॉक कार्यालय में पति साफ सफाई का काम करता है, वहीं पर उसकी पत्नी प्रमुख बनकर नियुक्त जाए। ऐसा सिर्फ भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में ही संभव है। यही इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है कि यहां रंक भी राजा बन सकता है। सफाईकर्मी सुनील कुमार ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस ब्लाक क्षेत्र में वह रोज सफाई करते हैं, एक दिन उनकी धर्मपत्नी सोनिया वहीं की ब्लाक प्रमुख बन जाएंगी। अब सोनिया भाजपा से ब्लाक प्रमुख का दायित्व संभाल चुकी हैं। 

मामला सहारनपुर के बलियाखेड़ी ब्लॉक से जुड़ा हुआ है। यहां नल्हेडा गुर्जर गांव निवासी सुनील कुमार विकासखंड बलियाखेडी में सफाई कर्मचारी के पद पर अपने ही गांव में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी सोनिया सामान्य गृहणी हैं। अच्छी बात यह थी कि सोनिया बीए पास थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव घोषित हुए तो बीडीसी की सीट आरक्षण के चलते अनुसूचित जाति वर्ग में आरक्षित हो गई। गांव वालों के कहने पर सुनील कुमार ने बीडीसी सदस्य के लिए अपनी पत्नी सोनिया को चुनाव लड़वा दिया। इत्तेफाक से वह चुनाव भी जीत गई और सदस्य के रूप में निर्वाचित भी हो गई।

भाजपा को नहीं मिली इससे ज्यादा पढ़ी लिखी महिला

 चुनाव जीतने के बाद ब्लाक प्रमुख पद के लिए मारामारी शुरू हुई। सत्ताधारी भाजपा को यहां आरक्षण के मुताबिक अनुसूचित जाति की शिक्षित महिला की तलाश थी। भाजपा नेता मुकेश चौधरी ने बीडीसी सोनिया के नाम का प्रस्ताव दिया तो भाजपा में आम सहमति बन गई। अब सोनिया के पास भाजपा का समर्थन था। रस्साकसी में विपक्षी एक-एक कर हटते गए और सोनिया को बलियाखेड़ी ब्लाक का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुन लिया गया।

पति ने कहा करता रहूंगा नौकरी

आम तौर पर एक महिला के मुखिया बनने पर भी उसके पति का अलग रौब देखने को मिलता है. लेकिन यहा पत्नी के ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद ही पति सुनील कुमार के पैर जमीन पर टिके हैं। उसका कहना है उनकी पत्नी के ब्लॉक प्रमुख होने के बाद भी वह अपनी नौकरी नहीं छोड़ेंगे। वहीं नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सोनिया ने भी कहा कि ब्लाक प्रमुख के नाते वह गांवों के विकास के लिए काम करेंगी लेकिन घर तो पति की तनख्वाह से ही चलता है। प्रमुखी तो पांच साल की है लेकिन नौकरी पूरे 60 साल की।

Suggested News