बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

अनंत सिंह की 'पत्नी' के चुनाव प्रचार में उतरेंगे ललन सिंह, 2 दिनों तक मोकामा में नीलम देवी के लिए मांगेंगे वोट

अनंत सिंह की 'पत्नी' के चुनाव प्रचार में उतरेंगे ललन सिंह, 2 दिनों तक मोकामा में नीलम देवी के लिए मांगेंगे वोट

मोकामा. उपचुनाव के जोर आजमाइश में लगी राजद और भाजपा मोकामा में पूरी ताकत दिखा रही है। दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वी नीलम देवी और सोनम देवी की ओर से समर्थक नेता बड़ी संख्या में मोकामा पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में अब जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी मोकामा आ रहे हैं।

राजद उम्मीदवार नीलम देवी की चुनावी नैया पार लगाने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह मोकामा में चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं। ललन सिंह 26 और 27 अक्टूबर को मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करेंगे। जदयू के बाढ़ संगठन जिला अध्यक्ष परशुराम पारस ने बताया कि ललन सिंह अपने दो दिवसीय मोकामा दौरे में महागठबंधन प्रत्याशी नीलम देवी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

ललन सिंह 26 अक्टूबर को मोकामा के रैली से जन संपर्क यात्रा शुरू करेंगे। वे विभिन्न पंचायतों से होते हुए मोकामा नगर परिषद और फिर औंटा से बड़हिया बाहापर तक सड़क मार्ग से जनसंपर्क करेंगे। वे अलग-अलग जगहों पर लोगों से मिलेंगे। अगले दिन 27 अक्टूबर को टाल के इलाकों में जाएंगे। उनका दौरा पुनारख के कोंदी से शुरू होगा और टाल के विभिन्न पंचायत और गांवो से होते हुए घोसवरी तक चुनाव प्रचार करेंगे।

मोकामा में 3 नवम्बर को उपचुनाव होना है। राजद की नीलम देवी के खिलाफ भाजपा ने सोनम देवी को मैदान में उतारा है। मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को एक मामले में 10 साल जेल की सजा होने के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। भाजपा की ओर से 40 नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारा गया है। दूसरी ओर अब महागठबंधन की ओर से ललन सिंह के चुनाव प्रचार में उतरने से नीलम देवी भी प्रतिद्वंद्वी को वैसा ही दमखम दिखाने की तैयारी में हैं।

संयोग से वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में नीलम देवी ने मुंगेर से कांग्रेस टिकट पर ललन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। उसमें ललन सिंह ने बड़ी जीत हासिल की थी और अब राज्य में बदले राजनीतिक समीकरण के बीच ललन सिंह मोकामा में नीलम देवी के लिए चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं।

Suggested News