बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पंडारक में बोले ललन सिंह, राज्य में न तो बड़े न ही छोटे सरकार, बिहार में है नीतीश की सुशासन सरकार

पंडारक में बोले ललन सिंह, राज्य में न तो बड़े न ही छोटे सरकार, बिहार में है नीतीश की सुशासन सरकार

PATNA: बिहार के जल संसाधन मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का नागरिक अभिनंदन पंडारक टाल के सिल्दही में किया गया। समारोह में बड़ी तादाद में लोग उपस्थित थे। समारोह को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि बिहार में अगर कोई बाहुबली जनता को धमकाएगा तो जेल जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है। यहां किसी को डरने की जरुरत नहीं है।

ललन सिंह ने कहा कि बिहार में न तो छोटे सरकार न बड़े सरकार की सरकार है यहां तो नीतीश कुमार की सरकार है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है। शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली भी इस सरकार में जेल में है और बाहर आने की भी इस सरकार के रहते कोई उम्मीद नहीं है। राजवल्लभ यादव भी अपने गुनाहों को लेकर जेल के अंदर है। 

बिहार सरकार के मंत्री ललन सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए उपस्थित लोगों से अपील की वे अपने बच्चों को जरुर पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने गरीबों के लिए शिक्षा ऋण का इंतजाम किया है। सभी लोग स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड का फायदा उठाएं। ललन सिंह ने कहा कि जो लोग शिक्षा ऋण को नहीं लौटा पाएंगे उसको बिहार सरकार माफ कर देगी। उन्होंने कहा बिना शिक्षित हुए विकास नहीं हो सकता है।

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए जेडीयू के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि बिहार सरकार गरीबों को समर्पित है। गरीब इस सरकार को आशा भरी नजरों से देखते हैं। नीतीश कुमार के राज में गरीबों की भलाई को लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सभा में बड़ी तादाद में समाज के गरीब तबके के लोग उपस्थित हैं, जिनका विश्वास नीतीश कुमार के राज में है। 

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

इससे पहले मंत्री ललन सिंह का रोड शो सबनिमा गांव से शुरु हुआ जो सिल्दही तक चला। रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा।रोड शो में हजारों बाइक के साथ सैकड़ों गाड़ियां शामिल थी। इब्राहिमपुर पंचायत से तीन बार मुखिया रह चुकी मीरा देवी और उनके पति गुहन महतो उर्फ भगतजी ने मंत्री ललन सिंह की  सभा को सफल करने में जुटे थे। जानकारों की माने तो इस रोड शो को भगतजी का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाढ़ मोकामा टाल क्षेत्र में धानुक वोटरों पर भगत जी का काफी प्रभाव है। भगत जी धानुक वोटरों को गोलबंद करने  में जुटे हैं।

Suggested News