सारण से लालू की बेटी रोहिणी आचार्य लड़ेंगी लोकसभा चुनाव ! राजद एमएलसी सुनील सिंह ने ट्वीट कर दी जानकारी

patna: बिहार की सियासत से बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य सारण लोकसभा से चुनाव लड़ सकती है। इस बात की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी यादव के मुंह बोले भाई और राजद एमएलसी सुनील सिंह ने दी है। राजद एमएलसी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर ट्वीट कर दी है।
उन्होंने लिखा है कि, पिता के प्रति अगाध प्रेम, श्रद्धा एवम समर्पण की प्रतिमूर्ति डॉ. रोहिणी आचार्य। सारण प्रमंडल के समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं की हार्दिक इच्छा है कि डॉ. रोहिणी आचार्या को सारण लोकसभा से राष्ट्रीय जनता दल का प्रत्याशी घोषित किया जाय। इसके बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि सारण से रोहिणी आचार्य लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।
राजद एमएलसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि जनता की मांग है कि लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य लोकसभा चुनाव लड़े और उन्हें सारण लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया जाए। बता दें कि, रोहिणी आचार्य के पिता और राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भी सारण से ही अपनी राजनीतिक पारी की शुरूआत की थी। वहीं अब उनकी बेटी भी वहीं से अपनी राजनीति कैरियर की शुभारंभ कर सकती हैं।
मालूम हो कि बीते दिनों से रोहिणी आचार्य बिहार की सियासत में एक्टिव रही हैं। वह कई दफा सोशल मीडिया पर ट्वीट कर सीएम नीतीश और भाजपा पर निशाना साधते आई हैं। जब सीएम नीतीश ने पाला बदला था तब भी रोहिणी आचार्य ने लगातार कई ट्वीट कर सीएम पर हमला बोला था। साथ ही उन्होंने अपने भाई और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के पक्ष में भी कई ट्वीट किए थे। उन्होंने कहा था कि, जो बिहार में रोजगार लाया है बिहार की जनता उसे ही शासन में लाएगी।