NEW DELHI : पीएम नरेन्द्र मोदी ने रविवार को महागठबंधन पर करारा हमला बोला है। मोदी ने कहा कि महागठबंधन एक नापाक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन का मकसद अस्तित्व बचाना है। यह वंशवादियों का गठबंधन है।
PM मोदी ने कहा-आज कई लोग महागठबंधन की बात कर रहे हैं। गठबंधन निजी अस्तित्व को बचाने के लिए है और विचारधारा-आधारित समर्थन नहीं है। गठबंधन सत्ता के लिए है, जनता के लिए नहीं। यह गठबंधन व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के लिए है, लोगों की आकांक्षाओं के लिए नहीं है। चेन्नै के बीजेपी कार्यकर्ताओं को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 'आप लोग धनाढ्य वंशों के एक बेतुके गठबंधन' को देखेंगे।
वंशवादियों का गठबंधन
पीएम मोदी ने कहा कि गठबंधन के कई दलों और नेताओं का कहना है कि वे लोहिया से प्रेरित हैं, जो स्वयं कांग्रेस विरोधी थे। उन्होंने किसी का प्रत्यक्ष तौर पर जिक्र किए बिना कहा कि गठबंधन के कई नेताओं को आपातकाल के दौरान गिरफ्तार और प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पारिस्थितिकी तंत्र ने किसी को नहीं बख्शा।
पीएम ने कहा कि महागठबंधन के प्रमुख घटक तेलुगू देशम पार्टी का गठन कांग्रेस की ज्यादती के खिलाफ दिवंगत मुख्यमंत्री एनटी रामाराव ने किया था लेकिन अब पार्टी कांग्रेस से हाथ मिलाने को इच्छुक है। मोदी ने कहा कि महागठबंधन में कुछ पार्टियों ने समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया से प्रेरित होने का दावा किया है लेकिन वह (लोहिया) स्वयं कांग्रेस की विचाराधारा के खिलाफ थे।