गोपालगंज में फांसी के फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का लगाया आरोप

गोपालगंज में फांसी के फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, परि

GOPALGANJ : जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के इशुआपुर गांव में एक महिला का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे महिला के मायके वालों ने पुलिस को इसकी खबर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। फिर शव को फांसी के फंदे से नीचे उतार कर उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। 

मृतका अरविन्द मिश्रा की 35 वर्षीय पत्नी निक्की देवी थी। घटना के सम्बन्ध में मृतका के पिता व विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के टोला सिपाया दुबे टोला गांव के रहने वाले सच्चिदानंद दुबे ने बताया कि उसकी पुत्री की शादी अरविंद मिश्रा से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन बाद में उसकी बेटी को पता चला कि पति का अवैध संबंध उसकी भौजाई है। इसका विरोध करने पर उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। 

अवैध सम्बन्ध की जानकारी निक्की ने अपनी बहन को दी थी। वहीं मंगलवार की रात निक्की का पति  उसके पिता को फोन कर तबियत ख़राब होने की जानकारी दी। इसकी सूचना मिलने के बाद निक्की के पिता मौके पर पहुंचे तो सबकुछ ठीक था। निक्की के पिता ने बताया कि मंगलवार की रात जब वे अपने घर लौट गए तो उसके साथ मारपीट की गई और रस्सी से फांसी का फंदा बनाकर उसकी बेटी को टांग दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। 

उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद निक्की के पति समेत ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मामले की छानबीन करने में जुट गई है। मृतका के दो पुत्र व एक पुत्री हैं।

गोपालगंज से मनान अहमद की रिपोर्ट