रांची से बिहारशरीफ लौट रहे युवक का बस स्टैड से बदमाशों ने किया अपहरण, पुलिस ने सकुशल किया बरामद

NALANDA : जिले में अपराधी बेख़ौफ़ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। गंभीर घटनाओं को अंजाम देकर अपराधी पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। नालंदा पुलिस एक घटना का खुलासा भी नहीं कर पाती है की अपराधी दूसरी घटना को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। इसी कड़ी में लहरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर बस स्टैंड से 20 लाख फिरौती के लिए अपहृत व्यवसायी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने बाइक के साथ एक अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया है। 


सदर डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी ने बताया कि कांटा पर निवासी मुकेश कुमार की पत्नी सविता देवी ने 9 दिसंबर को थाना में मामला दर्ज कराया कि 24 वर्षीय उनका पुत्र प्रिंस सरार्फ रांची से बिहारशरीफ आया था। लेकिन अब तक घर नहीं पहुंचा है और उसका मोबाइल नंबर भी बंद बता रहा है। स्टैंड में खोजबीन पर पता चला कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसका स्कॉर्पियो में बिठाकर अपहरण कर लिया है। 

Nsmch
NIHER

इसके बाद बदमाशों ने उनके मोबाइल पर 20 लाख की फिरौती की मांग की। पुलिस को इस बात की जानकारी देने पर जान मारने की धमकी दिया गया। सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुट गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के खंधा से सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मौके से एक अपहरणकर्ता तेल्हाड़ा निवासी गनौरी प्रसाद के पुत्र पुटूश कुमार उर्फ योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। 

अपहृत युवक रांची में मेडिकल स्टोर की दुकान चलाता है। पैसे के लालच में उसके दोस्तों ने ही अपहरण की साजिश रची थी। जिस दोस्त के साथ वह रांची से बिहार शरीफ आ रहा था। उसने ही अपने दोस्तों की मदद से उसका अपहरण कर लिया था। गिरफ्तार बदमाश की निशानदेही पर अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष सुबोध कुमार के अलावे डीआईयू टीम के सदस्य शामिल थे।

नालंदा से राज की रिपोर्ट