बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

जीजा ने की गोलियों की बरसात...साला और ससुर पहुंचे हवालात, क्या फिर हो पायी रेशमा की शादी ?

जीजा ने की गोलियों की बरसात...साला और ससुर पहुंचे हवालात, क्या फिर हो पायी रेशमा की शादी ?

MUNGER : शादी के जश्न में सभी गा रहे थे-नाच रहे थे। डीजे की धुन पर छोटे-बड़े भी नाच रहे थे। सब कुछ ठीक चल रहा था तभी धांय-धांय की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठता है। अभी कोई कुछ समझ पाता तबतक मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी। पुलिस गोली चलानेवाले शख्स को पकड़कर थाने ले गयी। पूरे इलाके में हल्ला हो गया कि जीजा के चक्कर में साला और ससुर हवालात पहुंच गये। जीजा की चालाकी की चर्चा भी हो रही है। वो मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।   

पुलिस दूल्हा सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आयी। इधर, दुल्हन शादी के लिए मंडप पर दूल्हे का इंतजार कर रही थी। काफी मिन्नतों के बाद पीआर बांड पर दूल्हा को पुलिस ने छोड़ा। यह पूरा मामला पूरबसराय थाना क्षेत्र के नयागांव मुहल्ले का है। 

दरअसल, 2 अगस्त, रविवार की रात नयागांव मुहल्ले में मो. मुख्तार की बेटी रेशमा की शादी थी। बारातियों के स्वागत को लेकर पंडाल में कुर्सियां सजी थी। रौशनी के बीच रोलेक्स चमचमा रहा था। मां सबीना खातून दुल्हन की लिबास में बेटी को देख गदगद हो रही थी। लोग बारात के स्वागत की तैयारी में थे। तभी लड़कीवालों को खबर मिलती है कि दूल्हा हवालात में है। इस खबर से सभी सन्न रह गये। हर चेहरे पर उदासी छा गयी। रेशमा ने जब यह सुना तो उसके होश उड़ गये। दूल्हा को हवालात से छुड़ाने रेशमा के पिता मुहल्ले के लोगों के साथ थाना पहुंचे। 

रेशमा की शादी मिन्नत नगर के स्व. कलाम के पुत्र सद्दाम से होने वाली थी। बारात निकलने की तैयारी हो चुकी थी। बाराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी बीच सद्दाम के चचेरे जीजा मो चाँद ने डीजे की धुन में दनादन फायरिंग शुरू कर दी। उसी रास्ते से मुफस्सिल थाना की पुलिस रेड के लिए जा रही थी। गोली की आवाज सुनकर जब पुलिस मोके पर पहुंची तो फायरिंग कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।  

बाराती की भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस के कब्जे से उसे छुड़ाकर भगा दिया। पुलिस ने युवक के पास से 4 कारतूस और सड़क पर गिरे एक खोखा को बरामद कर लिया। साथ ही पुलिस ने गोली चलाने वाले को भगाने के आरोप में दूल्हा सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाना ले आयी। 

बाद में काफी आरजू-मिन्नत करने के बाद पुलिस ने पीआर बांड पर दूल्हा को छोड़ दिया और लड़के के भाई मो. अफराज, मो. जावेर अंसारी, मो. गोल्डन अंसारी और मो. सोनू अंसारी को अभियुक्त बनाया। पुलिस आरोपी जीजा की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।  


मुंगेर से प्रशांत की रिपोर्ट...

Suggested News