GOPALGANJ : जिले के भोरे थाना क्षेत्र के रिखई बारी कल्याणपुर गांव में मंगलवार की शाम गाली गलौज का विरोध करने पर एक वृद्ध की भाला घोंप कर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने गए वृद्ध के पुत्र व उनकी पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया गया। मृतक की पहचान रामलाल साह के रूप में की गयी है। जिनकी उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है।
वहीं इस घटना में घायल मृतक के पुत्र रामसागर साह और उनकी पत्नी लालमति देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम रामलाल साह के पड़ोस के कुछ लोग गाली गलौज कर रहे थे। इसका विरोध करने जब वह गए तो मारपीट की गई। मारपीट के क्रम में उन्हें भाला घोंप दिया गया। जिससे उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बीच-बचाव करने गए मृतक के पुत्र व पत्नी भी घायल हो गईं।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद भोरे थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करने में जुट गई। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। उधर वृद्ध की हत्या के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
गोपालगंज से मनान अहमद की रिपोर्ट