बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

जेल भेजे गए पंजाब के सीएम चन्नी के भांजे, पूछताछ के बाद ईडी ने किया गिरफ्तार

जेल भेजे गए पंजाब के सीएम चन्नी के भांजे, पूछताछ के बाद ईडी ने किया गिरफ्तार

DESK : करोड़ों रुपए के अवैध रेत खनन के मामले में फंसे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपिंदर हनी को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट ने हनी को पूछताछ के लिए बुलाया था। जहां करीब सात से आठ घंटे की पूछताछ की गई। जिसमें बताया गया कि मुख्यमंत्री के भांजे किसी भी सवाल का सही तरीके से जवाब नहीं दे सके। जिसके बाद बीती रात एक बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और उसी समय मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि अब भूपिंदर हनी को ईडी रिमांड पर लेने की तैयारी में है, जिसके लिए उसे कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। पंजाब में फिर से सीएम की कुर्सी पर बैठने की तैयारी कर रहे चरणजीत सिंह चन्नी के लिए उनके भांजे की गिरफ्तारी बड़ा झटका माना जा रहा है। 

बता दें  ईडी ने 18 जनवरी को भूपिंदर हनी और उसके साथियों के ठिकानों पर मोहाली और लुधियाना में रेड की थी। इस दौरान 10 करोड़ कैश, 12 लाख की रोलैक्स घड़ी, 21 लाख का सोना बरामद किया था। ईडी ने 8 करोड़ हनी के मोहाली के होमलैंड स्थित घर और 2 करोड़ उसके पार्टनर संदीप के लुधियाना स्थित ठिकाने से बरामद किया था।  वहीं, ईडी की जांच में यह भी सामने आया था कि हनी की साथियों के साथ एक कंसलटेंसी फर्म थी, जिसकी साल 2019-20 की टर्नओवर करीब 18 लाख थी। इसके बावजूद इतनी बड़ी रकम बरामद हुई।

CM चन्नी को लेकर जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ ईडी, करोड़ों के बारे में जवाब नहीं मिला

सूत्रों की मानें तो ED की टीम ने करीब 8 घंटे की पूछताछ में भूपिंदर हनी से सीएम चन्नी से कनेक्शन के बारे में पूछताछ की। हनी से पूछा गया कि क्या यह रकम उनके मौसा यानी सीएम चन्नी ने उनके पास रखवाई थी? या यह अवैध रेत का कारोबार उनके मौसा का है?। हालांकि इसके बारे में हनी से कोई संतुष्टिजनक जवाब नहीं मिला। भूपिंदर हनी अपने घर से मिले 8 करोड़ के कैश के बारे में भी कोई संतुष्टिजनक जवाब नहीं दे सका।

तीन साल पहले दर्ज हुआ था केस

यह कार्रवाई 2018 में दर्ज हुए अवैध रेत खनन के केस में की गई थी। यह केस तत्कालीन सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के हवाई दौरे में अवैध रेत खनन पकड़े जाने के बाद हुआ था। पुलिस ने तब रोपड़ के थाने में IPC की धारा 379, 420, 465, 467, 468, 471 और माइन्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।

गिरफ्तारी के बाद घबराहट का बहाना

अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए भूपिंदर हनी ने देर रात ही सीने में घबराहट का बहाना बनाना शुरू कर दिया। लेकिन, ईडी इसके लिए तैयार थी। आधी रात को ही भूपिंदर हनी को जालंधर के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां जांच में यह साबित हो गया कि वह बहाना बना रहा था। अस्पताल में उसे पूरी तरह से फिट बताया गया। हनी की सभी रिपोर्ट नॉर्मल आई। जिसके बाद ईडी उसे दफ्तर ले गई और वहां बंद कर दिया।

सीएम फेस के लिए बड़े दावेदार हैं चन्नी

कांग्रेस 6 फरवरी को पंजाब में कांग्रेस का सीएम चेहरा घोषित करने जा रही है। इसमें नवजोत सिद्धू और सीएम चरणजीत चन्नी की दावेदारी है। ऐसे में इस कार्रवाई की टाइमिंग को लेकर खूब चर्चा हो रही है। पंजाब कांग्रेस के सीएम चेहरे की रेस में चन्नी ही सबसे आगे हैं।

पूछताछ के बाद हनी तक पहुंची ED

इस मामले में शुरूआती वक्त में कुदरतदीप नाम के व्यक्ति को आरोपी बनाया गया था। इस मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई के दौरान ही ईडी ने भी जांच शुरू कर दी। पूछताछ के बाद ईडी के हाथ भूपिंदर हनी तक पहुंच गए। इसके बाद 18 जनवरी को ईडी ने ताबड़तोड़ रेड की। जिसके बाद भूपिंदर हनी और उसके साथियों के ठिकानों से करोड़ों की रिकवरी हुई।


Suggested News