NEW DELHI : केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रोद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सांसद (राज्य सभा) सुशील कुमार मोदी के एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) के बिहार में दो केन्द्र बक्सर एवं मुजफ्फरपुर में निर्माण हेतु स्वीकृति दी गयी थी। जिसमें से प्रत्येक केन्द्र के लिए अलग-अलग 9.304 करोड़ का प्रावधान है। इन दोनों केन्द्रों के लिए बिहार सरकार ने BIT कैम्पस बक्सर एवं MIT कैम्पस मुजफ्फरपुर में एक-एक एकड़ भूमि उपलब्ध करायी है।
मंत्री ने बताया कि 5.12 करोड़ राशि नाइलिट बक्सर और 5.02 करोड़ की राशि नाइलिट मुजफ्फरपुर के लिए खर्च की जा चुकी है। दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य अप्रैल,2022 तक पूरा हो जायेगा। मान्यता प्राप्त केन्द्रों का उपयोग करके हाईब्रिड मोड पर प्रशिक्षण शुरू किया गया हैं। अबतक 737 उम्मीदवारों का नाइलिट बक्सर से एवं 698 उम्मीदवारों को मुजफ्फरपुर से प्रशिक्षित किया गया है।
राजीव चंद्रशेखर ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने पर बक्सर और मुजफ्फरपुर के स्थाई परिसरों से इस वित्तीय वर्ष के दूसरी तिमाही में प्रत्यक्ष प्रशिक्षण शुरू होगा। तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के अंतर्गत इन दोनों परिसरों में अलग-अलग 1155 छात्रों को प्रशिक्षित किया जा सकेगा।
नई दिल्ली से धीरज कुमार की रिपोर्ट