राज्य में 30 से 45 मिनट पहले मिलेगी वज्रपात की सूचना, अर्थ नेटवर्क कंपनी के साथ हुआ करार
PATNA : राज्य में वज्रपात होने की सूचना अब 30 से 45 मिनट पहले मिल जाएगी. इसके लिए आज आपदा प्रबन्धन विभाग की ओर से अर्थ नेटवर्क कंपनी से चार वर्षों के लिए करार किया गया है. इस करार के तहत कंपनी की ओर से राज्य में वज्रपात पूर्व चेतावनी प्रणाली की स्थापना की जाएगी.
इस प्रणाली से वज्रपात होने की सूचना 30 से 45 मिनट पहले दी जाएगी. इसकी सूचना को प्रभावित होने वाले क्षेत्र के लोगों को मोबाइल एप और एसएमएस के जरिये दी जाएगी. मोबाइल एप से सूचना देने के लिए बंगलौर के किहु सौल्युशंस के साथ करार किया गया है. साथ ही एसएमएस के जरिये लोगों तक सूचना पहुँचाने के लिए अलग-अलग सर्विस प्रोवाइडर के साथ वार्ता किया जायेगा.
इस चेतावनी प्रणाली के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव और अर्थ नेटवर्क कम्पनी के डायरेक्टर इंटरनेशनल बिजनेस के करार पर हस्ताक्षर किया गया. बताते चले की इसके पहले आन्ध्र प्रदेश, कर्णाटक, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में इस चेतावनी प्रणाली की स्थापना की गयी है. जिसमें आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में अर्थ नेटवर्क कंपनी के साथ करार किया गया है. आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने आशा जताया की इस चेतावनी प्रणाली से वज्रपात से होने वाले मानव क्षति को कम करने में सहायता मिलेगी.
बताते चले की बिहार में 2016 में वज्रपात से 107, 2017 में 180 और 2018 में 139 मौतें हुई थी. वहीँ 2019 में इससे 172 लोगों की मृत्यु हुई है. इस साल एक ही दिन 23 जुलाई को राज्य में वज्रपात से 39 लोगों की जान चली गयी.
पटना से विवेकानंद की रिपोर्ट